कानपुर (ब्यूरो) पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बताया कि एक फैक्ट्री में हादसा हुआ है। घटना सुबह 11 बजे की है। हादसे के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घायलों को कानपुर इलाज के लिए भेजा गया है। एक घायल मजदूर ने बताया कि हम लोग खाना खाने जा रहे थे। तभी तेज धमाका हुआ। हम लोग समझ ही नहीं पाए कि ये हादसा कैसे हुआ।

हरदोई का रहने वाला था मृतक राजीव

मरने वाले मजदूर का नाम राजीव कुमार है। उसका इलाज हैलेट में चल रहा था। वो हरदोई का रहने वाला था। वहीं गंभीर रूप से घायल 17 साल के नाबालिग को केजीएमयू रेफर कर दिया गया है। बाकी 5 घायलों का कानपुर देहात रायपुर के एक नर्सिंगहोम में इलाज चल रहा है।

फैक्ट्री में 800 मजदूरों के रहने की व्यवस्था

कानपुर देहात के रनियां इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में एक ऑयल फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि इस फैक्ट्री में ऑयल का काम होता है। यह फैक्ट्री करीब तीन से चार बीघे में बनी हुई है। इस फैक्ट्री के एक हिस्से में वर्किंग के लिए बिल्डिंग बनी हुई है। दूसरे साइड में ऑफिस और अन्य जरूरी सामान के लिए कमरे बने हैं.तीसरे साइड में लेबर के रहने के लिए कमरे बनाए गए हैं। इसमें करीब 800 मजदूरों के रहने की व्यवस्था है। पूरी फैक्ट्री बाउंड्री वॉल से घिरी हुई है। ज्यादातर कमरे एक दूसरे से जुड़े हैं। यहां कई लेबर परिवार के साथ भी रहते हैं। इनमें हरदोई, उन्नाव, कानपुर, औरैया आदि जिलों के लेबर रहते हैं।

खाना बनाते समय हुआ हादसा

प्रत्यादर्शियों के मुताबिक शुक्रवार सुबह सभी मजदूर फैक्ट्री में काम पर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच लेबर कॉलोनी में ही रहने वाले राजीव अपने पड़ोस में रहने वाले रोहित के घर चला गया। वहां पर किसी काम के लिए रोहित के परिवार वालों ने जैसे ही गैस ऑन की तो जोरदार धमाका हो गया। इसमें सबसे ज्यादा चोट राजीव को आई। वहीं रोहित और उसके परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

चल रहा इलाज

हादसे में एक परिवार के तीन लोग माता-पिता और बेटा तथा चार अन्य लोग घायल हुए हैं। हादसा इतना तेज था कि धमाके से दीवार गिर गई। जिससे पड़ोस में रहने वाले भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायलों को कानपुर भेजा गया। अन्य को रनिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।