-कल्याणपुर के मकड़ीखेड़ा स्थित कान्हा श्याम रेजीडेंसी अपार्टमेंट में घटना

-छठवीं मंजिल स्थित फ्लैट में बेटे के साथ रहती थीं

-दो दिन पहले ही नए फ्लैट में शिफ्ट हुई थी

KANPUR :

कल्याणपुर स्थित कान्हा श्याम रेजीडेंसी अपार्टमेंट में बेटे के साथ रहने आई वृद्धा संदिग्ध परिस्थिति में बालकनी से नीचे गिर गईं। उसकी खून से लथपथ लाश को देखकर अपार्टमेंट में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम भेज दिया। पुलिस समेत मृतका का बेटा उनकी हादसे में मौत का दावा कर रहा है, जबकि परिस्थितियों से अनहोनी का इशारा हो रहा है।

दो दिन पहले फ्लैट में हुए शिफ्ट

कान्हा श्याम रेजीडेंसी अपार्टमेंट में अभी दो दिन पहले गौतम गुलाटी उर्फ बनी मां सरोज (68) के साथ शिफ्ट हुआ था। वो अपार्टमेंट की छठवीं मंजिल में रह रहा था। इससे पहले वो आजाद नगर स्थित श्री अपार्टमेंट में रहता था। पूरा सामान शिफ्ट न होने की वजह से पिता सुरेंद्र अभी भी पुराने फ्लैट में रह रहे हैं, जबकि वो दो दिन पहले मां के साथ नए फ्लैट में चला गया था। उसकी पत्नी मलेशिया में जॉब कर रही है। रविवार की रात को वो मां को सुलाने के बाद अपने रूम में सोने चला गया।

गार्ड ने दी सूचना

तड़के संदिग्ध परिस्थिति में सरोज फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गईं। जिसे देख गार्ड ने बनी को जानकारी दी तो उनके होश उड़ गए। वो भागकर नीचे पहुंचा, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। बनी के मुताबिक उसकी मां मानसिक रूप से बीमार थीं। करीब तीस साल पहले उनके सिर पर लकड़ी का पैलमेट गिर गया था। जिसके बाद से उनको चक्कर व अन्य परेशानी होने लगी थी। नए फ्लैट में शिफ्ट होने से उन्हें उसकी भौगोलिक स्थिति के बारे में जानकारी नहीं थी। इसी वजह से वो बालकनी से नीचे गिर गईं।

अनहोनी की ओर इशारा कर रही हैं परिस्थितियां

- बनी को सरोज की मानसिक हालत के बारे में मालूम था तो फिर उसने सावधानी क्यों नहीं बरती?

- उसने बालकनी के गेट को लॉक क्यों नहीं रखा?

- बनी ने उनको अकेले सुलाने का रिस्क क्यों लिया?

- सरोज की उम्र करीब 68 साल की थी और वो बीमार चल रही थी। ऐसे में वो करीब चार फिट की रेलिंग को फांदकर नीचे कैसे गिर गई?