-मैकराबर्टगंज कालोनी का मामला, कार पेंटर था युवक

-पहले कार पेंटर ने फांसी लगाई, फिर पत्नी ने किया सुसाइड

-कालोनी का गेट अन्दर से बंद था, पुलिस ने गेट तोड़कर शव बाहर निकाले

KANPUR :

कर्नलगंज में सोमवार को संदिग्ध परिस्थिति में कार पेंटर और उसकी पत्नी की मौत हो गई। दोनों का शव रूम में फांसी पर लटका मिला। प्रथम दृष्टया दोनों के सुसाइड करने का मामला प्रतीत हो रही है, लेकिन सच्चाई का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर का कहना है कि दोनों अकेले यहां रहते थे। उनके परिजनों को जानकारी दे दी गई है। पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही सच्चाई का पता चल जाएगा।

दो साल पहले हुइर् थी शादी

कर्नलगंज में मैकराबर्टगंज कालोनी में रहने वाला धर्मेन्द्र (26) कार पेंटर था। उसकी दो साल पहले नीलम (25) से शादी हुई थी। धर्मेन्द्र के पिता की मौत होने के बाद से मां कमलेश और भाई छोटू पानीपत में बहन के साथ रहते हैं। धर्मेन्द्र पत्नी समेत यहां पर अकेले रहता था। उनके एक बेटी थी, लेकिन आठ महीने पहले बीमारी से उसकी मौत हो गई।

दोनों के बीच होता था झगड़ा

दोनों मे अक्सर झगड़ा होता था। सोमवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था। पड़ोसियों ने दोनों के चिल्लाने की आवाज सुनी थी, लेकिन कुछ देर बाद वे शांत हो गए। पड़ोसियों को लगा कि उनमें सुलह हो गई है। शाम को एक पड़ोसी ने उनकी कालोनी का गेट बन्द होने पर खिड़की से अन्दर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। उसने देखा कि दोनों के शव फांसी पर लटके हैं। कुछ ही देर में इस खबर के फैलते ही कालोनी में हड़कम्प मच गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर जाकर गेट को तोड़कर दोनों शवों को बाहर निकाला।

पहले धर्मेन्द्र ने फांसी लगाई

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक धर्मेन्द्र और नीलम में झगड़ा हुआ था। गुस्से में नीलम कालोनी के बाहर चली गई। जब वो वापस आई तो धर्मेन्द्र फांसी पर लटका था। जिसे देख उसके होश उड़ गए। उसको कुछ समझ में नहीं आया और उसने भी फांसी लगा ली।