- 315 बोर की बुलेट के इंट्री और एग्जिट प्वाइंट मिले, सिर, चेहरे और कंधे पर एक दर्जन से ज्यादा चोट के निशान

KANPUR : राजकुमार और रवि की हत्या बेहद बेरहमी के साथ की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से इसका खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों को पहले धारदार हथियार से काटा। उसके बाद उन्हें गोली मार दी। बुलेट का इंट्री और एग्जिट प्वाइंट दोनों की बॉडी पर मिला है। दोनों की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सील कर फोरेंसिक एक्सप‌र्ट्स के पास भेजी जाएगी। राजकुमार के सिर, चेहरे, सीने और गले पर चापड़ के निशान मिले हैं। ये जख्म आम जख्मों से गहरे पाए गए। वहीं जबड़े पर भी गहरा जख्म मिला है। कनपटी पर सटाकर गोली मारी गई। जिसका इंट्री और एग्जिट प्वाइंट पोस्टमार्टम में मिला है। साथ ही कनपटी पर ब्लैकनिंग (काले निशान करीब से गोली मारने पर आते हैं) मिली है। वहीं रवि के शरीर पर भी चोटों के निशान मिले हैं। रवि की मौत भी ज्यादा खून बहने की वजह से बताई गई। पोस्टमार्टम से पहले गोली की लोकेशन जानने के लिए एक्सरे कराया गया।

पुलिस पर उठ रहे सवाल

- पंचायत चुनाव के ऐलान के बाद दोनों पक्षों को पाबंद क्यों नहीं किया

- गणेश पूजन के दौरान विवाद के बाद कार्रवाई के बजाए समझौता क्यों कराया

- आरोपी के हिस्ट्रशीटर होने के बावजूद बीट पुलिस कर्मियों को इसकी भनक कैसे नहीं लगी?

- एलआईयू को कोई जानकारी क्यों नहीं मिली जिससे पुलिस को अलर्ट किया जाता

- एक सप्ताह पहले भी विवाद हुआ था, उसमें भी समझौता क्यों कराया गया?

- आखिर पुलिस पर ऐसा क्या दबाव था कि हर बार पुलिस बैकफुट पर आई?

- दोनों के गिरोह में कई शातिर शामिल थे, इसके बाद भी गिरोह लिस्टेड नहीं किया गया?