रेड बुल के फॉर्मूला ड्राइवर मार्क वेबर ने आज भारतीय ओपनर गौतम गंभीर से भी बढिय़ा बल्लेबाजी का नजारा दिखाया। एक प्रमोशनल कार्यक्रम के दौरान हुए एक-एक ओवर के मैच में पहले गेंदबाजी करने उतरे वेबर ने दूसरी ही गेंद में गंभीर को आउट कर दिया और बल्लेबाजी करते समय गंभीर की पांच गेंदों पर दमदार शॉट लगाए।

 

मार्क ने ली गौतम की चुटकी

फॉर्मूला वन रेस में जीत-हार के तनाव से दूर मार्क वेबर बुधवार को मस्ती के मूड में दिखे। गंभीर के साथ मैच खेलते वक्त अपने हावभाव से लोगों को खूब गुदगुदाया। उनकी मस्ती ने दर्शक व मीडिया कर्मियों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर उन्होंने खड़ी हिंदी में गंभीर की चुटकी लेकर सबको चौंका दिया।

गंभीर की आखिरी गेंद खेलने के बाद मार्क वेबर क्रीज पर लेट गए। अपनी इस हरकत पर वे खुद भी हंसे और लोगों को भी हंसने को मजबूर कर दिया। वहीं मैच के बाद मीडिया से रूबरू होते समय गंभीर की एक बात पर उन्होंने हिंदी भाषा में चुटकी ली। पत्रकारों ने गंभीर से फार्मूला वन रेस देखने के बारे में पूछा था। गौतम गंभीर का जवाब था 28 अक्टूबर को उनकी शादी की सालगिरह है। वेबर ने भी उसी बात को दोहराया। यस, इनका एनेवर्सरी हैसंडे नहीं सटरडे को रेस देखने आएगा। वेबर की इस बात पर उपस्थित लोग ठहाका लगाए बगैर नहीं रह पाए। इसके अतिरिक्त उनकी हाजिर जवाबी भी सबको गुदगुदा गई।

 

रेस का इंतजार

26 से 28 अक्टूबर तक होने वाली दूसरी एयरटेल इंडियन ग्रैंड प्रिक्स के लिए बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट (बीआइसी) पूरी तरह से तैयार हो गया है। इसे दुल्हन की तरह सजा लिया गया है। मुख्य गेट से दर्शक दीर्घा तक जाने वाली सीढिय़ों को फूलों से लाद दिया गया है और पूरे ट्रैक को शीशे की तरह चमका दिया गया है। ग्रैंड स्टैंड भी दर्शकों और अतिथियों के लिए तैयार है। सचिन तेंदुलकर के एक बार फिर से मुख्य रेस को चेक फ्लैग दिखाने और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विजेता ट्रॉफी देने की संभावना है। हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

गाडिय़ां तैयार करने में जुटे रहे क्रू मेंबर

फोर्स इंडिया, रेड बुल, मर्सिडीज, फेरारी, लोटस, मैक्लॉरेन सहित सभी फॉर्मूला वन टीमों के विशेषज्ञ आज अपनी कार को चमकाते हुए नजर आए। सर्किट पर खासी गहमा-गहमी थी। क्रू मेंबर गाडिय़ों को रेस के लिए तैयार करने में व्यस्त थे। पिट से लेकर पूरे सर्किट तक सिर्फ टीम स्टॉफ ही नजर आ रहा था। आधे से ज्यादा हिस्सा कारों के मोटे-मोटे टायरों से पटा पड़ा है।

 

आज आएंगे एक्लेस्टोन

फॉर्मूला वन का संचालन करने वाली सर्वोच्च संस्था इंटरनेशनल ऑटोमोबाइल फेडरेशन (एफआइए) के मुखिया बर्नी एक्लेस्टोन के आज बीआइसी पहुंचने की संभावना है। वह यहां पहुंचकर तैयारियों का जायजा लेंगे और टीम ड्राइवरों से भेंट करेंगे। एफ-1 के दूसरे सत्र के लिए ग्रेटर नोएडा के सभी होटल भर चुके हैं। देश में दूसरी बार फार्मूला वन रेस होने जा रही है।

इसे लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। इस बार भी हजारों दर्शक एफ वन के गवाह बनेंगे। इसका अंदाजा शहर के होटलों की बुकिंग से लगाया जा सकता है। शहर में एक सात व एक पांच सितारा होटल के अलावा करीब आधा दर्जन होटल हैं। लगभग सभी होटल 26 से 28 अक्टूबर तक के लिए बुक हो चुके हैं। पांच व सात सितारा होटल अधिकतर विदेशी दर्शकों से फुल हैं। इसके अलावा सात सितारा होटल में एफ वन चालकों के ठहरने की व्यवस्था है।