- महाराजपुर में प्रयागराज से आई बारात में दूल्हे की प्रेमिका ने काटा हंगामा, देर रात तक हुई पंचायत, दुल्हन ने किया शादी से इंकार

>

KANPUR : महाराजपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में आई बारात में दूल्हे की प्रेमिका जमकर बवाल किया। पुलिस के दखल और देर रात तक चली पंचायत के बाद आखिरकार बारात को बिना दुल्हन के लौटना पड़ा। प्रयागराज के करेली से मनोज कुमार की बारात आई थी। मनोज दिल्ली की एक कंपनी में काम करता है। दुल्हन के घर पर बारात के स्वागत की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान कार से एक युवती के साथ चार लोग लड़की के घर पहुंच गए। लड़की ने खुद को मनोज की प्रेमिका बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

पति-पत्नी की तरह रहते थे

इस बीच बारात भी दरवाजे पर पहुंच गई। दूल्हा बने मनोज ने जब हंगामा कर रही युवती और उसके साथ के लोगों को देखा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मनोज ने कार से उतरकर भागने की कोशिश की तो युवती के साथ आए लोगों ने उसे पकड़ लिया। युवती के मुताबिक, वह प्रयागराज में मनोज के घर के पास रहती है। दोनों का पिछले चार साल से अफेयर चल रहा है। मनोज ने उसकी नौकरी भी अपनी कंपनी में लगवा दी थी। जिसके बाद से वे दिल्ली में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे। पिता की तबियत खराब होने की बात कहकर मनोज दिल्ली में उसे अकेला छोड़कर चला आया था।

सारा खर्च किया वापस

दो दिन पहले ही उसे पता चला कि 26 नवंबर को मनोज की शादी है। जब वह प्रयागराज पहुंची तो बारात कानपुर के लिए निकल चुकी थी। जिसके चलते वह कानपुर पहुंच गई। मनोज की प्रेमिका की बात सुनकर दुल्हन ने भी शादी से साफ इनकार कर दिया। मनोज के परिवार वालों ने दुल्हन के परिवार को गोद भराई से लेकर अभी तक जो भी खर्च हुआ, वापस कर दिया। सुबह 4 बजे तक चली पंचायत के बाद मामला रफा-दफा हुआ और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।