-बच्चा न गिराने पर उसने किया था कत्ल, बचने के लिए आत्महत्या की झूठी कहानी गढ़ी थी

-पत्नी के साथ बच्चे का भी हुआ कत्ल, लेकिन पुलिस ने सिर्फ कत्ल में भेजा जेल, ससुर पर नहीं की कार्रवाई

-गला घोंटकर कत्ल, फिर हाथ की नस काटी थी, शव को न लटका पाने पर पंखे में दुपट्टा डाल फंदा लगाया था

KANPUR : कैंट में गर्भवती महिला ज्यूडिशियल जज का कत्ल किसी और ने नहीं, बल्कि उसके अय्याश पति ने ही किया है। महिला जज ने घरवालों से बगावत कर उसे शौहर बनाया था और उसी ने उसका कत्ल कर दिया। वो उम्मीद से ज्यादा ही हैवान निकला। उसने एक बार भी महिला जज के गर्भ में पल रहे बच्चे के बारे में नहीं सोचा। उसने महिला जज के साथ उसका भी कत्ल कर दिया। पुलिस ने केस का खुलासा कर अय्याश पति पर कार्रवाई तो कर दी, लेकिन सिर्फ एक कत्ल की। पुलिस ने सिर्फ महिला जज के कत्ल में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन गर्भ में पल रहे बच्चे के कत्ल में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके अलावा पुलिस ने ससुर के खिलाफ अभी कोई कार्रवाई नहीं की है। जबकि परिस्थितियां उनके भी आरोपी होने का इशारा कर रही हैं। सवाल है कि आखिर पुलिस ने सिर्फ एक कत्ल में कार्रवाई क्यों की और पुलिस ने उसके पिता रिटायर्ड जज सुरेंद्र चंद्र राजन को जेल क्यों नहीं भेजा?

बच्चा नहीं गिराया तो किया कत्ल

प्रतिभा के घर वाले मनु को पसन्द नहीं करते थे। इसलिए मनु और उसके घर वाले भी उनसे नफरत करते थे। शादी के बाद घर वालों से बात करने पर मनु और उसके परिजन प्रतिभा को टॉर्चर करते थे। इसके बाद भी जब प्रतिभा ने घर वालों से बात करना बंद नहीं किया तो मनु उससे कटने लगा, जिसे देख प्रतिभा ने रिश्ते को बचाने के लिए घरवालों से बात करना बंद कर दिया। इधर, प्रतिभा गर्भवती हुई तो वो बच्चे की खुशी में सारे गम भूल गई। उसने यह सोच कर मनु को इस बारे में बताया कि वो भी बच्चे की खुशी में पुरानी बातें भूल जाएगा। वो खुशी से झूम उठेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बल्कि वो प्रतिभा पर बच्चे को गिराने का दबाव बनाने लगा। प्रतिभा ने गर्भपात से मना किया।

आग में घी का काम किया

गर्भपात को लेकर दोनों में अक्सर झगड़ा होता था। मनु के घर वालों को भी इसकी भनक लग गई थी, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। इधर, 7 अक्टूबर को मनु को पता चला कि प्रतिभा की मां उससे मिलने आ रही है तो इसने बच्चा न गिराने के झगड़े में आग में घी का काम किया। अगले दिन प्रतिभा दिल्ली गई तो इसी बात को लेकर मनु का उससे झगड़ा हो गया और वो गुस्से में कार से उतरकर कानपुर आ गई। इन्हीं बातों को लेकर मनु इतना भड़क गया कि वो प्रतिभा का काम तमाम करने का प्लान बनाकर 9 अक्टूबर को यहां गया।

कत्ल किया फिर हाथ की नस काटी

मनु कार से तड़के करीब छह बजे प्रतिभा की कॉलोनी पहुंचा था। इससे पहले वो व्हाट्सएप पर मैसेज कर प्रतिभा को कानपुर पहुंचने के बारे में बता चुका था। दोनों में व्हाट्सएप में हाट टॉक भी हुई थी, जिसमें मनु से प्रतिभा और उसके घर वालों को गन्दी गाली दी थी। जब वो प्रतिभा के घर पहुंचा तो वो जिन्दा थी। प्रतिभा ने ही गेट खोला था। वो घर में घुसते ही प्रतिभा को गाली देते हुए झगड़ा करने लगा। प्रतिभा के विरोध करने पर वो उसे पीटने लगा। वो इतने गुस्से में था कि उसने प्रतिभा को पीटते हुए गला दबाकर हत्या कर दी। उसने हत्या को आत्महत्या में दर्शाने के लिए उसके दोनों हाथों की नस काट दी। फिर उसने शव को फांसी पर लटकाने के लिए पंखे में दुपट्टा डालकर फंदा बनाया, लेकिन शव के भारी होने की वजह से वो उसे लटका नहीं पाया। इसके बाद ही वो थाने में सूचना देकर उसके आत्महत्या करने का ढिंढोरा पीटने लगा था।