कानपुर(ब्यूरो)। कानपुर में पहली बार हो रही ऑल इंडिया चेस फेडरेशन(एआईसीएफ) की एजीएम में कई अहम फैसले लिए गए। फेडरेशन की ओर से देश में पहली बार इंडियन चेस लीग(आईसीएल) का आयोजन किया जाएगा। इसी साल दिसंबर में होने वाली लीग में देश-विदेश के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। एजीएम में चीन के हांगझोऊ सिटी में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय चेस टीम की घोषणा की गई। इसके साथ भारत में एशियन जूनियर शतरंज और वेटरंस, यूथ और जूनियर रैपिड और ब्लिट्स प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। देश में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए हर स्टेट को फेडरेशन की ओर से सात लाख की आर्थिक मदद और 200 चेस बोर्ड की सौगात दी जाएगी।

देश व विदेश के खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
संडे को होटल लैंडमार्क में हुई एजीएम में एआईसीएफ के अध्यक्ष डा। संजय कपूर ने कहा कि इंडियन शतरंज लीग में छह से आठ टीमें होंगी। भारतीय शतरंज को विश्व में स्थापित करने में यह लीग अहम साबित होगी। उन्होंने कहा कि देश के सभी राज्यों को फेडरेशन की ओर से शतरंज को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष सात लाख की धनराशि और 200 शतरंज बोर्ड की सौगात दी जाएगी। इंटरनेशनल चेस फेडरेशन की तरह देश में मैनेजमेंट बोर्ड बनाया जाएगा। जो पूरे देश में शतरंज को बढ़ावा देने का काम करेगा। 12 दिसंबर को फेडरेशन के स्थापना दिवस को राष्ट्रीय शतरंज दिवस के रूप मनाया जाएगा। उन्होंने इंडियन चेस लीग का फैन जोन शहर में बनाने की घोषणा की।

एशियन गेम्स के लिए टीम फाइनल
एजीएम में एशियन चेस फेडरेशन के वाइस प्रेसीडेंट भरत ङ्क्षसह चौहान ने सितंबर में चीन के हांगझोऊ सिटी में होने वाले एशियन गेम्स के लिए भारतीय शतरंज टीम की घोषणा की गई। इसमें ग्रैंडमास्टर डी गुकेश, विदित गुजराती, पी हरिकृष्णन, अर्जुन एरिगैसी, आर प्रज्ञानंद और महिला वर्ग में के हम्पी, डी हरिका, आर वसीहाली, वंतिका अग्रवाल, बी सविथा श्री का चयन हुआ। वहीं व्यक्तिगत स्पर्धा के लिए विदित और अर्जुन तथा महिला वर्ग में हम्पी और हरिका का चयन रैपिड शतरंज के लिए हुआ।

वेटरंस, जूनियर और यूथ की पहली बार प्रतियोगिता
डा। संजय कपूर ने कहा कि फेडरेशन की ओर से कैलेंडर में दो नेशनल कॉम्पटीशन जोड़े गए हैं। वेटरंस में 50 से अधिक आयुवर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। वहीं, जूनियर रैपिड शतरंज में सात से 11 आयुवर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं, यूथ में अंडर-13 से अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ी खेलेंगे। इसके साथ ही फेडरेशन सितंबर में जमशेदपुर में एशियन जूनियर शतरंज का आयोजन कराएगा।

एजीएम में लिए गए अहम फैसले
- शतरंज को बढ़ावा देने के लिए हर राज्य को मिलेंगे सात लाख
- फेडरेशन की ओर से 200 चेस बोर्ड की सौगात भी दी जाएगी
- इंटरनेशनल चेस फेडरेशन की तरह देश में मैनेजमेंट बोर्ड बनेगा
- 12 दिसंबर को राष्ट्रीय शतरंज दिवस के रूप मनाया जाएगा
- इंडियन चेस लीग का फैंस जोन कानपुर में बनाने की घोषणा
-एशियन गेम्स के लिए भारतीय शतरंज टीम की घोषणा