कानपुर (ब्यूरो)। कानपुर में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान में भले ही अभी ड़ेढ महीने का समय बाकी है लेकिन शहर के कई एरियाज में नाराज मतदाताओं ने अभी से चुनाव का बहिष्कार करने का मन बना लिया है। कल्याणपुर पनकी एरिया में भी नगर निगम के रवैए से नाराज लोगों ने चुनाव का बहिष्कार करने के बैनर एरियाज में टांग दिए हैं। लोगों का कहना है कि नगर निगम अपनी ही जमीन पर हो रहे अवैध कब्जे को रोक नहीं पा रहा है। पार्क में अवैध कब्जा कर प्लाटिंग शुरू कर दी गई।
पहले समस्या सॉल्व हो
कॉलोनी के लोगों ने पार्क में हो रहे कब्जे की कंप्लेन नगर निगम में कई बार की। इसके बाद भी नगर निगम के कान में जू नहीं रेंग रही। कॉलोनी के लोगों ने हार कर अनोखे तरह से विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। नगर निगम के कंप्लेन न सुनने पर कॉलोनी के लोगों ने लोकसभा इलेक्शन का बहिष्कार करते हुए बैनर पोस्टर भी टांग दिए हैं। लोगों का कहना है कि हमारे पास और कोई रास्ता नहीं है। अगर वोट चाहिए तो पहले हमारी समस्या सॉल्व कराएं।

1.618 हेक्टेअर जमीन पर
पनकी के मोहसिनपुर स्थित नगर निगम इन्क्लेव में पार्क की जमीन पर की जा रही अवैध प्लाटिंग का स्थानीय लोगों ने विरोध कर दिया है। नगर निगम के मुताबिक संपत्ति विभाग में दर्ज आंकड़ों के मुताबिक 1.618 हेक्टेअर जमीन पर कब्जा है। आवासीय स्कीम के ले-आउट में ग्रीन एरिया ही दर्ज है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक पहले भी कब्जा हटाने को लेकर प्रयास किए गए, लेकिन अराजकतत्वों के विरोध के आगे नगर निगम को बैकफुट पर आना पड़ा।

डीएम से भी की शिकायत
नगर निगम से कंप्लेन का भी असर नहीं होने पर स्थानीय लोगों ने मामले में करीब एक वीक पहले डीएम से मिलकर कंप्लेन की थी। जिसके बाद डीएम राकेश सिंह ने तहसीलदार और नगर निगम की टीम को मौके पर भेजा था। जमीन की नपाई भी कराई गई, लेकिन इसके बाद अब तक कोई फैसला नहीं हो सका है। इससे स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
स्कीम में रहते एक हजार लोग
अकबरपुर लोकसभा क्षेत्र के तहत आने वाली कल्याणपुर विधानसभा एरिया में पूरी योजना बनाई गई थी। इसमें करीब एक हजार से ज्यादा लोग रहते हैं। इसमें रहने वाले सभी लोगों ने एक साथ मतदान का बहिष्कार कर दिया है। ऐसे में अब राजनीतिक पार्टियां भी एक्टिव हो गई हैं। कैसे इस समस्या का समाधान किया जाए।