कानपुर (इंटरनेट डेस्क)। कानपुर के नई सड़क इलाके में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच लड़ाई हो गई। यह घटना दोपहर के वक्त की है। दोनों गुटों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई जिसमें कई लोग घायल हो गए। फिलहाल हालात काबू में है और घटना को लेकर कानपुर के पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, 'एक पक्ष के करीब 100 लड़के बाहर निकलकर आए और नारेबाजी करने लगे तो दूसरे समुदाय के लोगों ने नाराजगी जाहिर की। जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया और पत्थर बरसने लगे।'

हालात नियंत्रण में
पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि, अब हालात नियंत्रण में हैं। घटना को लेकर करीब 15-20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं कुछ घायल हुए हैं। अब तक 6 घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जो इस घटना में घायल हुए हैं, उनके नाम मुकेश बाथम, संजय शुक्ला, उत्तम गौड़, मंजीत यादव, राहुल त्रिवेदी और अमर बाथम हैं।