कानपुर (ब्यूरो)। दर्शनपुरवा में सात महीने पहले पत्नी की गला रेत कर हत्या करने और बचाने आई बेटी पर एसिड फेंकने के आरोपी को पुलिस ने दादा नगर ढाल के पास से गिरफ्तार कर लिया है। लगातार फरारी की वजह से पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक लगातार भेष बदलकर घूमने की वजह से और मोबाइल इस्तेमाल न करने की वजह से उसकी जानकारी नहीं मिल पा रही थी। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया।

पत्नी पर करता था शक

फजलगंज थाना क्षेत्र के दर्शन पुरवा इलाके में रहने वाला 50 साल का अर्जुन वर्मा की पत्नी सोनी अपनी बेटी और एक बेटे के साथ रहती थी। दो बेटे बाहर रहते थे। आपसी विवाद की वजह से अर्जुन सोनी के साथ नहीं रहता था। 7 महीने पहले अर्जुन ने सोनी पर चापड़ से एक के बाद एक ताबड़तोड़ कई वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। उस पर तेजाब डाल दिया। इस बीच जब बेटी वैष्णवी बीच-बचाव कराने आई तो आरोपी पिता ने उस पर भी तेजाब डाल चापड़ से हमला कर लहूलुहान कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

दिल्ली में रह रहा था आरोपी

एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि थाना फजलगंज में 7 महीने पहले एक घटना हुई थी। इसमें पति ने पत्नी की हत्या कर दी थी और उस पर तेजाब डाल दिया था। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया गया था। साथ ही आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी काफी समय से भेष बदलकर दिल्ली में मजदूरी कर पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था। पुलिस ने 7 महीने बाद आरोपी अर्जुन वर्मा को दादानगर ढाल से गिरफ्तार कर लिया।