कानपुर(ब्यूरो)। अयोध्या में रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के दिन जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं, शहर राममय होता जा रहा है। शहर के बाजारों में भी रामभक्ति का असर दिखने लगा है। इसके चलते शहर के बाजारों में राम जी से जुड़ी सामग्री की मांग तेज होती जा रही है। राम जी के झंडे, साहित्य, पूजन सामग्री, तस्वीरें, तरह-तरह के मंदिर और बैज की खूब खरीदारी हो रही है। डिमांड ज्यादा होने की वजह से बाजार में राम से जुड़ी सामग्री की शार्टेज भी शुरू हो गई है। ऐसे में कारोबारी दूसरे जिलों से सामान मंगा रहे हैं। वहीं, कारोबारियों की मानें तो अब करीब तीन करोड़ का कारोबार हो चुका है।

चांदी के सिक्कों की डिमांड
सर्राफा बाजार में चांदी के सिक्के दो तरह के जिनमें एक तरफ राम मंदिर तो दूसरी तरफ राम दरबार छपे मिल रहे हैैं। राम दरबार की अंगूठी और तमाम तरह के आइटम बाजार में खूब पसंद किए जा रहे हैैं। वहीं घरों में होने वाली रामायण के दौरान खरीदी जाने वाली फ्रेम्ड पिक्चर्स की भी मांग बढ़ गई है। एलईडी के राम दरबार, वुडेन आइटम, 360 अंश पर घूमने वाले तमाम आइटम बाजार में उपलब्ध हैैं। सर्राफा बाजार दो करोड़ से ज्यादा का बाजार कर चुका है वहीं झण्डा मार्केट में कैप, पगड़ी और प्रिंटेड कुर्तों की मांग बढ़ गई है।

खूब बिक रहा पोस्टर
रामजी के पोस्टर, फोटो, फोटो फ्रेम, अयोध्या में राममंदिर के चित्रों की बाजार में मांग है। बाजार में रामजी से जुड़े चित्र जैसे रामदरबार, अयोध्या में राममंदिर के चित्र, छोटे से बड़े चित्रों की मांग अधिक हो गई है। वैसे रामनवमी पर इन चित्रों की मांग होती है, पर इस बार जनवरी में मांग में एकाएक बढ़ोतरी हो गई है। पहले महीने में पांच तस्वीर बिकती थी, अब इनकी संख्या बढक़र 40 हो गई है।

कोई मांगे गदा तो कोई शंख
अयोध्या मंदिर के मॉडल की डिमांड भी बाजार में आ गई है। इसके चलतेबाजार में प्लास्टिक, पीतल, मैटल के बने मॉडल जमकर बिक रहे हैं। मॉडल में राम जन्मभूमि स्थल पर निर्माणाधीन भव्य मंदिर के डिजाइन को दर्शाया गया है। राम मंदिर के अलावा गदा, त्रिशूल, शंख और घंटों की मांग बढ़ी है।

राम साहित्य की बढ़ी मांग
दुकानों पर भी रामजी से जुड़े साहित्य की मांग भी अधिक है। अयोध्या राम मंदिर निर्माण के चलते बाजार में रामायण, रामचरित मानस समेत राम रक्षास्रोत, मनका रामायण 108, राम चालीसा आदि की मांग में एकाएक बढ़ गई है। इसके अलावा हनुमान चालीसा की मांग ज्यादा ही है। धार्मिक पुस्तकों की दुकानों पर भी रामजी से जुड़े साहित्य की मांग ज्यादा है।

गिफ्ट में दे रहे चांदी की मूर्तियां
सोने में श्रीराम की मूर्ति, राम दरबार की मूर्ति के पेंडेंट की मांग है। चांदी के राम दरबार, भगवान श्रीराम की मूर्तियां आ रही हैं। पेंडेंट 15 हजार रुपये से शुरू हो रहा है। चांदी के राम दरबार दो सौ ग्राम से शुरू है और एक किलो तक के राम दरबार हैं। एमरल्ड के 15 हजार रुपये के चांदी के रामदरबार हैं। दिल्ली से यह तैयार मिल रहे हैं। मूर्तियां गिफ्ट में ही जा रही हैं। मूर्तियों में भगवान राम के साथ माता सीताजी की मूर्ति भी पसंद की जा रही है।