कानपुर (ब्यूरो)। बुधवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर घंटाघर चौराहा पहुंचे राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधा। राहुल ने कहा कि सरकारी भर्ती नहीं हो रही है। 90 परसेंट को रोजगार नहीं मिल रहा है। पेपर लीक हो रहे, लोगों को नौकरी से निकाला जा रहा है। आप जितना भी चिल्लाओ लेकिन रोजगार नहीं मिलने वाला है। अग्निवीर से भला नहीं होने वाला है। उन्होंने कहा कि ये देश नफरत का नहीं, भाई-चारे और मोहब्बत का है। हम मोहब्बत की दुकान लेकर आए हैं। पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों व गरीबों का उनका हक नहीं मिल रहा है। 2-3 परसेंट के लोगों के पास देश का धन है। उन्होंने कहा कि इस खाई को मिटाने के लिए जातीय जनगणना और आर्थिक स्थिति का सर्वे आवश्यक हैं। तभी सबके साथ देश की तरक्की हो सकेगी।

देर से आए जल्दी गए
राहुल गांधी को बुधवार सुबह 9.45 बजे शास्त्री पार्क उन्नाव से यात्रा शुरू करनी थी और नया गंगा पुल शुक्लागंज होते हुए 11 बजे घंटाघर चौराहा पहुंचना था। जहां उन्हें पब्लिक को एड्रेस करना था। फिर 12 बजे चकेरी एयरपोर्ट के लिए जाना था, जहां से एक बजे दिल्ली जाना था। लेकिन राहुल गांधी की न्याय यात्रा 11.30 बजे के करीब गंगापुल पहुंची। इसके बाद तेजी से घंटाघर की ओर चली।

मंच पर नहीं गए
हालांकि पुल से लेकर नरौना चौराहा व घंटाघर के बीच जगह-जगह उनके स्वागत के लिए सुबह से कांग्र्रेस वर्कर जमे थे। गणेश मंदिर में भी रूककर पूजा करने के दावे किए जा रहे थे। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तेजी से यात्रा घंटाघर की ओर बढ़ता रहा। 12.15 बजे के करीब वह घंटाघर चौराहा पहुंचे। मंच पर भी नहीं गए। अपनी जिप्सी से ही पब्लिक को एड्रेस करने लगे। बामुश्किल दस मिनट की स्पीच के बाद उनका काफिया एयरपोर्ट की ओर चल दिया।


बच्चे को गाड़ी में बिठाया
गंगा पुल से घंटाघर जाते समय रास्ते में स्कूली यूनिफार्म पहने एक बच्चे ने राहुल गांधी से हाथ मिलाने का प्रयास किया। यह देखकर उन्होंने उसे अपनी जिप्सी में बिठा लिया।

लिफ्ट मांगते रहे
राहुल गांधी की भारत जोड़ों यात्रा के दौरान कांग्र्रेस के जिलाध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी लोगों से लिफ्ट मांगते दिखे। आखिरकार एक बाइक वाले ने उन्हें बिठाया। हालांकि बाइक में पहले से दो लोग बैठे हुए थे।

होर्डिंग को लेकर विवाद
राहुल गांधी के स्वागत को लेकर लगी एक होर्डिंग को लेकर विवाद भी खड़ा हो गया। इसमें राहुल गांधी को भगवान श्रीकृष्ण और अजय राय को अजुर्न के रूप दिखाया गया है।

परेशान हुए लोग
भारत जोड़ो न्याय यात्रा को सुबह 10 बजे से पहले ही टाटमिल से घंटाघर जाने वाले रास्ता बेरीकेडिंग लगाकर रोक दिया। इससे लोगों को कोपरगंज और रेलबाजार होते हुए कलक्टरगंज, नयागंज और बिरहाना रोड जाना पड़ा। वही नये गंगापुल पर सुबह से ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बनी रही।