-आरोपी मनु ने मीडिया और पुलिस को कई बार की गुमराह करने की कोशिश

-प्रतिभा के परिजनों ने भी माना कि पति मनु ने सिर्फ उससे मतलब के लिए की थी शादी

kushagra.pandey@inext.co.in

KANPUR : महिला जज प्रतिभा गौतम ने कभी नहीं सोचा होगा कि अपने परिवार का विरोध लेकर जिसे वो जीवन साथी बनाने जा रही है, एक दिन वही उसका और उसके होने वाले बच्चे का कत्ल कर देगा। पति मनु ने ही उसकी गला दबाकर बेरहमी से उसे मार दिया और हत्या को सुसाइड दिखाने की भरपूर कोशिश की। पुलिस और मीडिया को गुमराह करने के लिए उसने झूठ और फरेब की कहानी भी बनाई, इस दौरान बातचीत के दौरान कई बार अपना रंग बदला। मनु के अरेस्ट होने के बाद जब आई नेक्स्ट रिपोर्टर ने उससे बात की तो वो घडि़याली आंसू बहाते हुए बोला कि प्रतिभा के पेट में उसके प्यार की निशानी पल रही थी, लेकिन फरेबी ने प्यार का कत्ल करते वक्त ये भी नहीं सोचा कि वह किसे मार रहा है। प्रतिभा के परिजनों ने भी उसके प्यार की झूठी कहानी को बयां किया।

कत्ल के बाद की झूठी कहानी

पुलिस के मुताबिक महिला जज के कत्ल में पुलिस और मीडिया के मौके पर पहुंचने से पहले कातिल पति मनु नॉर्मल था, लेकिन जैसे उसने पुलिस और मीडिया को देखा तो रोने लगा। जिसे देख पिता रिटायर्ड जज उसे दिलासा दे रहे थे। मीडिया ने जैसे ही उससे सवाल किए तो वो रोते हुए बोलने लगा कि मैं उससे (प्रतिभा) बहुत प्यार करता था। हम दोनों अपनी जान से ज्यादा एक दूसरे को चाहते थे। मैं उसको उसकी खुशी के लिए जॉब करवा रहा था। उसको कोई दिक्कत न हो। इसके लिए मैं खुद अपनी प्रैक्टिस छोड़कर उससे मिलने आता था। उसके पेट में हम दोनों के प्यार की निशानी पल रही थी। वो उसे भी साथ ले गई है। जिसे सुनकर हर किसी चाहे वो मीडिया पर्सन हो या फिर पुलिस अफसर का दिल पसीज गया था। सभी की सहानुभूति उसके साथ जुड़ गई थी, लेकिन सच्चाई का पता चलते ही उसका फरेब सामने आ गया। प्रतिभा के परिजन भी उसकी बातों पर जरा भी यकीन नहीं कर रहे थे और उन्होंने साफ कहा था कि मनु ने ही उसकी हत्या की है।

प्यार के जाल में फंसाया

मनु का प्रतिभा से प्यार पूरी तरह झूठा था। प्रतिभा के फैमिली मेंबर्स ने कहा कि उन्होंने प्रतिभा को ये कई बार बताया कि मनु उससे झूठा प्यार करता था, लेकिन वो नहीं मानी। उनके मुताबिक मनु शुरुआत से ही प्रतिभा को धोखा दे रहा था। प्रतिभा के साथ लखनऊ में पढ़ने वाली अंकिता का कहना है कि प्रतिभा दिल्ली की एडवांस लाइफ स्टाइल से बदल गई थी। मनु ने पहले उससे दोस्ती की और फिर उसे प्रपोज किया था। शादी के पहले तक तो मनु का बिहेवियर दूसरा था, लेकिन शादी के बाद उसका बर्ताव बदल गया था। उसने गुटखा खाने से लेकर शराब के शौक के बारे में प्रतिभा को नहीं बताया था। जब प्रतिभा ने मनु के बारे में पड़ताल की तो पता चला कि मनु की जिंदगी कोई और भी है। प्रतिभा ने इस बारे में घरवालों को बताया था, लेकिन वो कौन है, इस बारे में घरवालों समेत अंकिता को नहीं बताया था।

'मोहब्बत' पर शक करता था वो

महिला जज का कातिल पति मनु उस पर शक करता था। प्रतिभा की एक करीबी सहेली के मुताबिक अगर प्रतिभा कहीं घूमने जाती थी तो मनु बार-बार उसे फोन करके पूछता था कि तुम किसके साथ हो। वो प्रतिभा पर नजर रखता था। उसका तो आरोप है कि मनु ने प्रतिभा के नौकर और ड्राइवर को उसकी निगरानी में लगा रखा था। वो काम करने के साथ ही प्रतिभा की जासूसी करते थे। वे ही प्रतिभा की हर बात मनु को बताते थे। इस बारे में प्रतिभा को भी मालूम चल गया था, लेकिन वो रिश्ता बचाने के लिए इसकी अनदेखी कर रही थी। वहीं, मनु अपने बारे में कुछ नहीं बताता था। शादी के पहले मनु प्रतिभा से हर बात शेयर करता था, लेकिन शादी के बाद वो प्रतिभा को कुछ भी नहीं बताता था। अगर प्रतिभा उससे कुछ पूछती थी तो वो गाली-गलौज करने लगता था। यह सबूत है कि मनु का प्रतिभा के साथ बिहेवियर अच्छा नहीं था।

----------------------

पूछताछ में भी रंग बदलता रहा

पुलिस पूछताछ में भी मनु गिरगिट की तरह रंग बदल रहा था। मनु करीब चौबीस घंटे पुलिस हिरासत में रखा गया। इस दौरान उससे करीब आधा दर्जन बार पूछताछ हुई। उसे हिरासत के दौरान लॉकअप के बजाय मुंशियाना में बैठाया गया था। एक अफसर ने नाम न छापने की शर्त में बताया कि मनु हिरासत में कुछ तनाव में तो था, लेकिन उसे जेल जाने का डर नहीं था। उसे देखकर ऐसा लग रहा था कि उसे मालूम है कि उसे जेल जाना है और वो इसके लिए तैयार भी है। वो मुंशियाने में तो बिल्कुल नॉर्मल बैठा रहता था, लेकिन जैसे ही उसको पूछताछ के लिए बुलाया जाता था तो वो रोने का नाटक करने लगता था। वो कभी रोने लगता था तो कभी पेशेवर वकील की तरह अपनी सफाई की दलील देता था, लेकिन जब उसे पता चल गया कि पुलिस को उसके खिलाफ सबूत मिल गए हैं। इसके बाद वो न तो रोया और न ही उसने अपनी सफाई की दलील दी। बल्कि वो यह कहने लगा था कि बस मुझे जेल भेज दो।