- 11.63 लाख पड़े मतों की गिनती के लिए लगे तीन हजार कर्मचारी

- सुबह सात बजे से गणना, न्याय पंचायत स्तर पर लगी तीन-तीन मेज

FATEHPUR : छोटी संसद की जंग में अटकलों और शिगूफा का समय समाप्त हो गया है। मतपेटियों में बंद वोटरों के फैसले में कौन बाजी मार कर मुखिया का ताज पहन रहा है, इस पर सभी की निगाहें टिक गई हैं। रविवार को सुबह सात बजे से एक साथ तेरह विकास खंडों में चार चरणों में संपन्न हुए चुनाव में पड़े 11.63 लाख मतों की गिनती का कार्य शुरू हो जाएगा। तीन हजार से अधिक कर्मचारी 483 टेबिल पर कड़ी सुरक्षा के बीच वोटों की गिनती करेंगे। माना जा रहा हैं कि देर रात तक सभी मिनी सचिवालय के मुखिया के नाम सामने आ जाएंगे।

बढ़ गईं दिल की धड़कनें

चुनावी समर में भाग्य अजमा रहे प्रधान पद के दस हजार से अधिक उम्मीदवारों की दिल की धड़कनें तेज हो गई हैं। अभी तक अटकल व आंकड़ों में जीत का सपना देख रहे प्रत्याशियों का सच कुछ ही घंटों में सामने आ जाएगा। जिले की कुल 840 ग्राम पंचायतों में परिणाम को लेकर हलचल तेज हो गई है। मिनी सचिवालय की बागडोर आखिर किसके हाथ जा रही है, इसको लेकर सभी में भारी उत्सुकता है। न्यायपंचायत स्तर पर मतों की गिनती का कार्य सुबह सात बजे से शुरू हो रहा है। एक साथ एक ब्लॉक में 10 से 15 ग्राम पंचायातों के बक्से खुल जाएंगे। छोटी ग्राम पंचायत के परिणाम दो से तीन घंटे में सामने आ जाएंगे, जब कि बड़ी ग्राम पंचायत के मतों की गिनती पूरी करने में छह से सात घंटे का समय लग सकता है। एक चरण में तकरीबन 162 गांवों की गणना शुरू कराने के लिए प्रशासन ने 29 मेजों की संख्या में बढ़ोत्तरी भी की है।

8 बजे तक सारे परिणाम

ग्राम प्रधान के साथ सदस्य पद की गिनती के लिए अलग से मेज लगाई गई है। जिन गांवों में सदस्य निर्विरोध चयन कर लिए गए हैं वहां सदस्य की मेज में प्रधान मतों की गिनती करा कर प्रशासन ने ऐसी रणनीति बनाई हैं कि सभी परिणाम रात आठ बजे तक घोषित कर दिए जाएं। पहली पाली के कर्मचारियों से ही गणना पूरी कराने की संभावना है। विकास खंड मलवां व भिटौरा ऐसे हैं, जहां कर्मचारियों को एक लाख से अधिक मतों की गिनती करनी पड़ेगी।

ब्लॉक - कुल मतदाता - पड़े मत - प्रतिशत

- अमौली - 1,11971 - 81738 - 73.0

- मलवां - 1,50514 - 1,10326 - 73.3

- देवमई - 96272 - 74899 - 77.8

- खजुहा - 1,33307 - 93981 - 70.5

- तेलियानी - 98510 - 75825 - 77.0

- बहुआ - 1,14938 - 86778 - 75.4

- असोथर - 1,20477 - 80599 - 66.9

-भिटौरा - 1,39527 - 1,00265 - 72.0

- हसवां - 1,36783 - 96260 - 70.4

- हथगाम - 1,34764 - 98108 - 71.8

- विजईपुर - 129900 - 91059 - 70.1

- ऐराया - 1,20899 - 83962 - 69.5

- धाता - 1,27320 - 90015 - 70.1