कानपुर (ब्यूरो)। क्या आप भी बुकिंग के बाद अपने एलपीजी सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं। अमूमन 24 घंटे में पहुंचने वाला सिलेेंडर चार-पांच दिन बाद भी नहीं पहुंचा है तो यह इंतजार थोड़ा और लंबा हो सकता है। इंडेन कंपनी के प्लांट से गोदाम तक एलपीजी सिलेंडर पहुंचाने वाले वाहनों के टेंडर खत्म होने से रसोई गैस सप्लाई पर संकट खड़ा हो गया। जिससे कंज्यूमर्स को किल्लत का सामान करना पड़ रहा है। 15 नवंबर के बाद से कंज्यूमर्स गैस एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। एजेंसी संचालक उन्हें ये भी नहीं बता पा रहे हैं कि वास्तव में कब तक उनके घर सिलेंडर पहुंच जाएगा। केवल घर में रसोई गैस ही नहीं बल्कि फूड सेंटर व रेस्टोरेंट में भी कामर्शियल सिलेंडर की सप्लाई प्रभावित हुई है।

60 ट्रांसपोर्टर्स, 380 व्हीकल
इंडेन शहर में सबसे बड़ा एलपीजी सप्लायर है। शहर में कंपनी की 40 डिस्ट्रीब्यूशन एजेंसीज हैं। जिनके माध्यम से कंज्यूमर्स को एलपीजी सिलेेंडर की सप्लाई होती है। इन डिस्ट्रीब्यूटर्स ने अपने-अपने गोडाउन बना रखे हैं। जहां सिलेंडर रखे जाते हैं। इन गोडाउन तक एलपीजी सिलेंडर पहुंचाने के लिए इंडेन ट्रांसपोर्टर्स को कांट्रैक्ट देता है। कांट्रैक्ट का टाइम पांच वर्ष का होता है। पिछली बार 60 ट्रांसपोर्टर्स के 380 व्हीकल को सप्लाई के लिए लगाया गया था। यह कांट्रैक्ट 15 नवंबर को खत्म हो गया है। कांट्रैक्ट खत्म होते ही सप्लाई के लिए लगाए गए व्हीकल हटा दिए गए। इससे सप्लाई पर संकट आ गया। साथ ही फिर से टेंडर प्रक्रिया हुई।

इंतजार कर रहे कंज्यूमर्स
व्हीकल के न होने से एजेंसी के गोदाम तक सिलेंडरों को पहुंचाने का संकट पैदा हो गया। गोदामों में सिलेंडर नहीं था, इसलिए कंज्यूमर्स के सामने भी सिलेंडर पाने में मुश्किलें आने लगीं। जो सिलेंडर पहले दो दिन में पहुंच जाता था, उसे कंज्यूमर्स के घर तक पहुंचने पर एक वीक तक का समय लग रहा है। नई टेंडर प्रक्रिया में अब तक 35 लोगों को टेंडर दिया जा चुका है। जिन पुराने लोगों को कांट्रैक्ट दिया गया है, उनके भी पुराने, खराब हो चुके ट्रकों को हटवा दिया गया। इससे व्हीकल का संकट हो गया। इस समय 380 के मुकाबले 300 व्हीकल ही हैं। इसकी वजह से 80 व्हीकल की सप्लाई कम पड़ रही है।

यहां से इन सिटीज में भी होती है सप्लाई
कानपुर स्थित इंडेन के एलपीजी बॉटलिंंग प्लांट से सिटी के अलावा, कानपुर के सभी रूरल एरिया, फतेहपुर, उन्नाव, झांसी, जालौन, उरई, नवाबगंज में भी सिलेंडर की सप्लाई की जाती है।

इन गैस एजेंसियों में संकट
सेंगर गैस एजेंसी, तपेश्वरी गैस एजेंसी, विनायक गैस एजेंसी, पाल गैस एजेंसी, सत्य साई गैस एजेंसी, शांति गैस एजेंसी, अजय गैस एजेंसी, सुनिता गैस एजेंसी