कानपुर (ब्यूरो)। कर्नलगंज के बिसाती कब्रिस्तान में महिला की हत्या का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दिया। देवर ने अवैध संबंधों के शक में भाभी की हत्या की थी। कब्र खोदने का काम करने वाले हत्यारोपी ने पहले कब्र खोदकर शव ठिकाने लगाने का प्रयास किया था, लेकिन कब्रिस्तान में चहल-पहल ज्यादा होने के चलते छोड़कर भाग निकला था। कर्नलगंज पुलिस ने हत्यारोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।

रिश्तेदार के घर से अरेस्ट
एडीसीपी सेंट्रल आरती सिंह ने बताया कि कर्नलगंज बिसाती कब्रिस्तान में रहने वाली सिमरन की सिर कूच कर हत्या कर दी गई थी। सिमरन का पति फैजान चोरी में जेल चला गया था और लव मैरिज के चलते मायके वालों ने भी उसे स्वीकार नहीं किया। इसके चलते वह कर्नलगंज दरगाह में काम करके अपना जीवन यापन कर रही थी। बिसाती कब्रिस्तान परिसर में ही रहने वाला सिमरन के देवर रेहान ने हत्याकांड को अंजाम दिया है। पुलिस ने दबिश देकर उसे एक रिश्तेदार के घर से अरेस्ट कर लिया। पूछताछ में रेहान ने बताया कि भाई के जेल जाने के बाद से भाभी सिमरन कई लोगों के संपर्क में थी। इसी बात को लेकर मर्डर किया है।

शव ठिकाने लगाने की कोशिश
पूछताछ में रेहान ने बताया कि कब्र खोदकर शव ठिकाने लगाने का प्रयास किया, लेकिन कब्रिस्तान में लोगों की चहलपहल होने के कारण शव छोड़कर भाग निकला। वह मुंबई भागने की फिराक में था। सिमरन की मां ने कर्नलगंज थाने में हत्या की एफआईआर दर्ज कराई थी। उनका आरोप है कि सिमरन पर देवर की नीयत खराब थी। बेटी ने विरोध किया तो उसकी हत्या कर दी गई। उसके खिलाफ पहले से चार गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।