कानपुर (ब्यूरो) जालौन के बरखेरा गांव में रहने वाले 27 साल के राहुल कुमार प्राइवेट नौकरी करते था। 11 दिसंबर 2021 में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में उनकी शादी मिझौना भोगनीपुर कानपुर देहात की रहने वाली 22 साल की पुष्पलता से हुई थी। राहुल को कानपुर की फर्टलाइजर फैक्ट्री में काम मिल गया था। वह पत्नी के साथ एक हफ्ते पहले 21 नवंबर को पनकी के शाहपुर में किराए के मकान में शिफ्ट हुआ था।

मकान मालिक ने देखा तो
रविवार रात 12 बजे दंपति के कमरे का दरवाजा खुला था। काफी आवाज लगाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। मकान मालिक ने भीतर जाकर देखा तो दंग रह गया। दंपति का शव दरवाजे की चौखट के सहारे एक ही दुपट्टे से फंदे पर लटक रहा था। मकान मालिक की सूचना पर पनकी पुलिस और परिवार के लोग पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घंटों जांच-पड़ताल की और इविडेंस कलेक्ट किए। लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

सुसाइड करने में यकीन नहीं
परिवार के लोगों ने बताया कि पुष्पलता तीन महीने के गर्भ से थी। उन्हें बेटी के सुसाइड करने के मामले में यकीन नहीं हो रहा है। गर्भवती होने के चलते वह सुसाइड नहीं कर सकती है। दंपति का शव फंदे पर लटकता हुआ मिलने के बाद लड़के के भाई प्रियांश, बहनें प्रिया, रजनी, माधुरी और शोभना का रो-रो कर बेहाल हैं।

कई बार हो चुका झगड़ा
पुष्पलता के भाई सुनील ने बताया कि दंपति में कई बार झगड़ा हो चुका है। एक बार झगड़े के चलते पुष्पलता अपना सामान लेकर मायके आ गई थी। उन्हें आशंका है कि हत्या के बाद राहुल ने सुसाइड कर लिया। जबकि राहुल के चाचा राजकुमार ने बताया कि उन्हें अंदेशा है कि आर्थिक तंगी के चलते दोनों ने फांसी लगाकर जान दी है। पुलिस और परिवार के लोग अलग-अलग कयास जरूर लगा रहे हैं, लेकिन जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है।