KANPUR :

शहर में शोहदे इतने बेखौफ हो गए कि शुक्रवार को चकेरी में एक शोहदे ने छेड़खानी का विरोध करने पर सरेआम सर्राफा की पत्नी को पीटने के बाद डण्डे से सिर फोड़ दिया। जिसे देख पहले तो इलाकाई लोग मूकदर्शक बने रहे, लेकिन जब एक युवक ने हिम्मत दिखाते हुए शोहदे को ललकारा तो इलाकाई लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। उसको पीटने के बाद पुलिस के सुपुर्द किया गया है। पीडि़ता ने शोहदे पर पर्स और चेन भी लूटने का आरोप लगाया है। वहीं, आरोपी ने महिला के घरवालों से लेनदेन का विवाद बताया है।

विरोध किया तो भड़क गए

चकेरी के शिवकटरा में रहने वाले सर्राफ की पत्नी सुबह बाजार जा रही थी। आरोप है कि वो घर से कुछ दूरी पर पहुंची थी कि वहां पर श्यामनगर निवासी मनोज निषाद साथियों समेत खड़ा था। वो महिला को देखते हुए अश्लील कमेंट करने लगा। महिला ने विरोध किया तो वो इतना भड़क गया कि उसने महिला के थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद उसने डण्डे से उसके सिर पर वार दिया। जिससे उसका सिर फट गया। उसके करीब 12 टांके लगे है। इलाकाई लोग पहले तो मूकदर्शक बने रहे, लेकिन जब एक युवक ने शोहदे को ललकारा तो उनकी हिम्मत बढ़ गई। इसके बाद उन लोगों ने शोहदे को दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद उसे पीटते हुए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।