-ओमान में शेख के चंगुल से छूटकर आई महिला ने बताई दर्द की दास्तां

KANPUR: ओमान से जालंधर वापस लौटी महिला ने पुलिस को बताया कि डेढ़ साल तक उससे काम कराया और उसे सिर्फ 200 ओमानी रियाल लगभग 38000 रुपए दिए गए। साथ ही उसका शारीरिक और मानसिक शोषण किया गया। महिला ने कानपुर पुलिस को वापस लाने में मदद करने के लिए धन्यवाद दिया है। अब जालंधर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

कई बार बेचा गया

डेढ़ साल पहले जालंधर निवासी महिला एजेंट के जरिये विदेश में नौकरी करने गई थी। ओमान में श्रीलंकन महिला आयशा ने उसको कई बार बेचा। शेख महिला का शोषण करता था। दिन रात काम करवाता था। जब उन्नाव निवासी महिला वापस लौटी तो इस पीडि़ता ने डीसीपी क्राइम सलमान ताज पाटिल से मदद की गुहार लगाई थी। डीसीपी ने जालंधर पुलिस को जानकारी देकर विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित किया था। तब ये महिला वापस लौट सकी।

तीन और लड़कियां बंधक

युवती के मुताबिक आयशा के पास कई क्रिमिनल्स आते हैं। जिनके साथ बैठने के लिए आयशा महिलाओं को मजबूर करती थी। विरोध करने पर शराब पीकर पीटती थी। रेशमा ने बताया कि उसके साथ ओमान में तीन और लड़कियों को भी बंधक बनाकर रखा गया है। इनमें गोवा की रहने वाली रेनू, संगरूर की परमजीत कौर और नेपाल की नीलू शामिल है।