कानपुर (ब्यूरो)। कमिश्नरेट पुलिस अपराध पर लगाम लगाने के लिए नए नए प्लान बना रही है। टेक्नोलॉजी का सहारा ले रही है लेकिन जमीनी हकीकत बदल नहीं रही है। अपराधी बेखौफ हैं। राह चलते किसी को भी लूट लेना आम बात हो गई है। मंगलवार रात हुई ऐसी एक घटना से लोग दहशत में हैं। अपने रिश्तेदार से मिलने रांची से दिल्ली जा रहे युवक को बदमाशों ने जमकर पीटा। इसके बाद नकदी समेत शरीर पर पहने कपड़े तक लूट लिए। युवक को मरणासन्न हालत में सडक़ पर फेंककर भाग निकले। पूरी रात ठंड में पड़े रहने से युवक की मौत हो गई। पुलिस को युवक के सिर और पैर पर चोटों के गहरे निशान मिले हैं। थाना पुलिस ने मृतक के पास से मिली एक पर्ची के आधार पर परिजनों को सूचना दी। युवक के परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक की शिनाख्त की।

सोमवार तक हुई थी बात

झारखंड के जिला खूंटी थाना मुर्हू निवासी फिलिपसोय का 40 साल का बेटा थोमस सोय फ्राइडे को रांची से दिल्ली अपने रिश्तेदार से मिलने जा रहा था। पत्नी असरीता ने पुलिस को बताया कि सोमवार तक उनकी पति से बात हुई। लेकिन मंगलवार से उनका फोन स्विच ऑफ हो गया। घबराकर पास के पुलिस स्टेशन पहुंची। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से थोमस की लोकेशन कानपुर में बताई। इसके बाद परिजन कानपुर आने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच मंगलवार को कलक्टरगंज पुलिस ने उन लोगों को सुरसा मंदिर के पास शव मिलने की जानकारी दी। परिजनर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो शव की शिनाख्त थोमस के रूप में की।

शरीर से कपड़े तक उतार ले गए

असरीता सोय ने बताया कि पति थोमस के पास 1500 रुपये और एक बैग था। बैग में कपड़े और अन्य कागज आदि थे। परिजनों की आशंका है कि बदमाशों ने उन्हें किसी भारी चीज से पीटा होगा जिसकी वजह से गंभीर चोटें आई हैं। बदमाशों ने उनके शरीर पर पहने कपड़े, जैकेट, टोपा तक लूट लिए। इसके बाद इतनी सर्दी में मरने के लिए सडक़ पर छोड़ दिया। जिससे उनकी मौत हो गई।

घंटाघर चौराहे से लग जाते हैं लुटेरे

सेंट्रल स्टेशन के बाहर घंटाघर चौराहे से बस अड्डे और रेल से आने वाले यात्रियों के पीछे अक्सर बदमाश, लुटेरे लग जाते हैं। होटल और खाने की व्यवस्था की बात बताते हुए वह उन्हें अपना शिकार बना लेते हैं। दिन में तो हालांकि काफी चहलपहल रहती है, लेकिन रात होते ही इनसे नया बंदा बच नहीं सकता है। पहले भी कई शातिर अपराधी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। ये हाल तब है जब चौराहे के पास एक चौकी नयागंज और थाना कलक्टरगंज है।