कानपुर(ब्यूरो)। अपने घर में हम और आप चैन से सो सकें। घर से बाहर निकलें तो खुद को सुरक्षित महसूस करें। इसके लिए पुलिसकर्मी इतनी कड़ाके की ठंड में 16-18 घंटे की ड्यूटी कर रहे हैं। ज्यादा ड्यूटी टाइम, परिवार वालों से दूरी अनियंत्रित खानपान, नींद पूरी न होने के कारण ये पुलिसकर्मी कई बीमारियों को शिकार हो रहे हैं। बड़ी संख्या में युवा दिल के मरीज हैं और हाई बीपी, शुगर, हाईपरटेंशन, आंखों में दिक्कत सही कई बीमारियों ने उन्हें घेर रखा है। दो दिन पहले हुए 3200 पुलिसकर्मियों की मेडिकल जांच में ये सामने आया है। 537 पुलिसकर्मी बीमार मिले हैैं। डॉक्टर्स ने इन सभी को सही डाइट, एक्सरसाइज और अन्य सावधानियां बता दी गई हैं।

लंबी ड्यूटी के कारण
अगर मेडिकल रिपोर्ट की समरी देखी जाए तो 128 पुलिस कर्मी हार्ट पेशेंट ंिमले हैैं। इसमें चिंता की बात ये है कि इनमें 89 यूथ पुलिसकर्मी हैं यानि जिनकी एज 40 साल से कम है। वहीं 116 युवा पुलिसकर्मी शुगर और हाई ब्लड प्रेशर का शिकार हो गए हैैं। स्नो फीलिया, मौसमी बुखार, जुकाम, जोड़ों में दर्द की समस्या भी है।

माना जा रहा है कि हर मौसम में सडक़ पर मूवमेंट करने की वजह से ये पुलिस कर्मी बीमारी की चपेट में हैैं। नाम न छापने की शर्त पर पुलिसकर्मियों ने बताया कि जिस तरह की नौकरी और ड्यूटी टाइम हैं, उसमें इस तरह की बीमारियों से बचना मुश्किल है। कुछ साल पहले वीकली ऑफ मिलने की बात सामने आई थी लेकिन आज तक रोस्टर नहीं बन पाया।