लखनऊ (ब्यूरो)। परिवहन निगम यात्री सुविधाओं में लगातार बढ़ोतरी कर रहा है, जिसके तहत लखनऊ निगम में 24 नई बसों का बेड़ा शामिल किया जाएगा। इसके लिए मंजूरी मिल चुकी है। राजधानी को असेवित गांवों से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए ये बसें मिलेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, ये बसें इस माह निगम को मिल जाएंगी। इससे यात्रियों को आरामदायक सफर का लाभ मिलेगा।

गांवों को जोड़ेंगी बसें

राजधानी में 900 से अधिक बसें विभिन्न जिलों को जोड़ती है। जहां रोजाना हजारों यात्री बसों से दूसरे शहरों के लिए सफर करते हैं, लेकिन गांवों से राजधानी की कनेक्टिविटी बेहद खराब है। यात्रियों कई साधन बदलने के बाद अपने गंतव्य तक पहुंच पाते हैं, जिसके चलते उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ती है। यात्रियों की इसी समस्या को देखते हुए निगम लगातार असेवित मार्गों पर बसों के संचालन के लिए प्रयासरत है। इसी को देखते हुए परिवहन निगम द्वारा शासन से 24 बसें मांगी गई थीं, जिसके लिए मंजूरी मिल गई है। ये बसें खासतौर पर बाराबंकी, रायबरेली और उन्नाव आदि जिलों को जोड़ने का काम करेंगी। अधिकारियों के मुताबिक, नियमानुसार एक बस को दिन में करीब 550 किमी का सफर तय करना जरूरी होता है। ऐसे में निगम को मिलने वाली नई बसों को दूसरों रूटों पर संचालित किया जायेगा। वहीं, दूसरे रूट की पुरानी बसों को संचालन इन रूटों को जोड़ने के लिए किया जायेगा, ताकि यात्रियों को कोई असुविधा न हो।

इन रूटों पर नई बसें

निगम को जो नई बसें मिलेंगी उनको लंबे रूटों पर संचालित किया जायेगा। इसमें राजधानी दिल्ली समेत हरिद्वार, गोरखपुर, बहराइच आदि शहर शामिल हैं। ऐसे में इन रूटों पर चलने वाले यात्रियों को नई बसों की सौगात मिलेगी, जिससे उनका सफर आरामदायक और सुखद हो सकेगा।

नई बसें इसी माह मिल जायेंगी। ऐसे में असेवित गांवों के लिए बसों का बेहतर संचालन हो सकेगा। यात्रियों को सफर में दिक्कत नहीं होगी।

-मुकेश कुमार, क्षेत्रिय प्रबंधक, लखनऊ परिक्षेत्र