- सामान्य कार्यकारिणी-बजट कार्यकारिणी में रखे जाएंगे दोनों प्रस्ताव

LUCKNOW शहर सरकार की ओर से आधी आबादी को बड़ी राहत देने की तैयारी की गई है। इसके अंतर्गत एक तरफ जहां महिला बाजार की सुविधा मिलेगी, वहीं दूसरी तरफ हाउस टैक्स में पांच प्रतिशत की राहत भी दी जा सकती है। दोनों ही प्रस्तावों को सामान्य और बजट कार्यकारिणी में लाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

पहली सुविधा

सिर्फ महिला उत्पाद ही मिलेंगे

महिला बाजार का जो खाका तैयार किया गया है, उससे साफ है कि महिला बाजार में सिर्फ महिलाओं से जुड़े उत्पाद मिलेंगे। यही नहीं इस बाजार में लगने वाली दुकानें महिलाएं ही चलाएंगी। अभी यह तय नहीं हुआ है कि महिला बाजार कहां लगेगी, लेकिन शहर सरकार की ओर से प्रयास किया जा रहा है कि सिस और ट्रांस गोमती एरिया में एक-एक महिला बाजार स्थापित किया जाए।

तलाशी जा रही जगह

महिला बाजार के लिए जगह तलाशने का काम शुरू हो गया है। प्रयास है कि होली के बाद इस सुविधा को शुरू कर दिया जाए। रविवार को होने वाली बजट की कार्यकारिणी में इस प्रस्ताव को रखा जाएगा। पूरी संभावना है कि कार्यकारिणी सदस्यों की ओर से इसे पास कर दिया जाएगा।

दूसरी सुविधा

महिला के नाम पर रजिस्ट्री

हाल में आयोजित महिला सदन में महिला पार्षदों ने मुद्दा उठाया था कि अगर कोई मकान महिला के नाम पर है तो उसे हाउस टैक्स में पांच प्रतिशत की छूट दी जाए। इस प्रस्ताव को मेयर ने मान लिया है, जिससे साफ है कि जल्द इस दिशा में भी महिलाओं को बड़ी राहत मिल सकती है।

बाक्स

सामान्य कार्यकारिणी में प्रस्ताव

बजट की कार्यकारिणी के बाद सामान्य कार्यकारिणी में इन प्रस्तावों को लाने की तैयारी है। पूरी संभावना है कि प्रस्तावों को कार्यकारिणी की ओर से मंजूरी मिल सकती है।

कोट

महिला पार्षदों की ओर से जो दो प्रस्ताव टैक्स में राहत और महिला बाजार के दिए गए थे, उन्हें कार्यकारिणी में रखा जाएगा। प्रयास है कि महिलाओं को अधिक से अधिक सुविधाएं मिलें। दोनों प्रस्तावों पर अंतिम निर्णय कार्यकारिणी में होगा।

संयुक्ता भाटिया, मेयर