लखनऊ (ब्यूरो)। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार रात डेढ़ बजे की है। ज्ञानवीर यादव बीसवा थाना शिव पुर गांव भीमापुरवा का मूल निवासी था। वह बीकेटी अस्ती रोड रुद्र नगर में किराए पर रहता था। वह मिट्टी खनन का काम करता था। वह बुधवार रात बुलेट से किसान पथ जा रहा था। जैसे ही विजयपुर गांव के पास वह पहुंचा तो उधर से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में ज्ञानवीर की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार मोहित गंभीर रूप से घायल हो गया। मोहित की हालात गंभीर है और उसका इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

पारिवारिक झगड़े के बाद गोमती में कूदा युवक, मौत
पारिवारिक झगड़े के बाद डालीगंज पुल से एक युवक ने गुरुवार दोपहर गोमती नदी में छलांग लगा दी। डूबने से उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शैलेंद्र विश्वकर्मा (25) के रूप में हुई है। वजीरगंज थाना पुलिस परिजनों का बयान दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। वजीरगंज थाना के अंतर्गत चौधरी गढरियां का रहने वाला शैलेंद्र गोमती नदी में कूद गया। गोताखोर की मदद से उसको बाहर निकालकर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की जांच में सामने आया कि शैलेंद्र के घर में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। इस दौरान सीढ़ी बनाने को लेकर बड़े भाई से विवाद हो गया, जिससे गुस्साए शैलेंद्र ने पुल से छलांग लगा दी।