लखनऊ (ब्यूरो)। भजन गायक अनूप जलोटा ने अपने बचपन के दोस्त एक्टर मिथिलेश चतुर्वेदी के साथ गुजारे पलों को याद किया। इस दौरान उनकी आंखें भी भर आईं। उन्होंने कहाकि हम लोग कॉलेज में एक साथ रहे। हम अक्सर बद्री के खस्ते, चौधरी की चाट, प्रकाश की कुल्फी, नेतराम की कचौड़ी का स्वाद लेते थे। हमने बचपन की कई शरारतें एक साथ मिलकर कीं। हम लोगों ने कई प्ले एक साथ किए थे फिर मैं मुंबई चला गया। उस दौरान मैं दीवाने प्यार के बना रहा था, तब मैंने मिथिलेश को फिल्म में काम करने के लिए मुंबई बुलाया था। उसका रोल बहुत पसंद किया गया था।

बचपन का साथी चला गया

अनूप जलोटा ने बताया कि मुझे आज भी याद है रविंद्रालय में इंद्रासन डोल उठा नाटक किया था, तब उसने जो जानदार अभिनय किया उसने सभी का दिल जीत लिया था। अब मेरा वह बचपन का साथी हमेशा के लिए चला गया। अब ऐसा दोस्त कहां मिलेगा। उसके निधन से मुझे बहुत दुख है।

लखनऊ में हुआ था जन्म

मिथिलेश चतुर्वेदी का जन्म लखनऊ के चारबाग में नाका हिंडोला के पास 15 अक्टूबर 1954 में हुआ था। पढ़ाई के बाद करियर के लिए थिएटर को चुना। इस दौरान उन्होंने सरकारी नौकरी भी ज्वॉइन की। नौकरी के साथ वो थिएटर लगातार करते रहे। करीब 25 साल तक सरकारी नौकरी की। जिसके बाद रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने मुंबई का रुख किया। जहां टीवी पर उनका पहला शो उसूल था, जिसमें डैनी भी उनके साथ थे। वहीं 1997 में उनका फिल्मी करियर फिल्म भाई भाई से शुरू हुआ। टीवी और फिल्म में कई यादगार किरदार निभाए। उन्होंने सलमान खान, रितिक रोशन, करीना कपूर और शाहिद कपूर जैसे कलाकारों के साथ काम किया था। हाल ही में वह ओटीटी के कई शो में भी नजर आए थे। मिथिलेश के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है।

मुंबई में हुआ निधन

बॉलीवुड एक्टर मिथिलेश चतुर्वेदी का गुरुवार सुबह मुंबई के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके दामाद आशीष चतुर्वेदी ने इस बात की पुष्टि सोशल मीडिया के माध्यम से की। बॉलीवुड एक्टर मिथिलेश का करीब 68 वर्ष उम्र में दिल का दौरा पडऩे से निधन हो गया। उनके निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके चाहने वाले और बॉलीवुड के कलाकार साथियों ने उनको श्रद्धांजलि दी।