लखनऊ (ब्यूरो)। राजधानी में मंगलवार शाम एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें युवक स्कूटर चला रहा था और उसने लड़की को आगे की तरफ उल्टा करके बैठा रखा था। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो का संज्ञान पुलिस ने लिया और 12 घंटे के अंदर युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने यह हरकत गर्लफ्रेंड को इंप्रेस करने के लिए की थी। युवक को सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने और खतरनाक ड्राइविंग के केस में गिरफ्तार किया गया है।

गंज एरिया का था वीडियो

यह वीडियो राजधानी के सबसे पॉश एरिया हजरतगंज का था। जिसमें स्कूटर पर युवक आगे की तरफ लड़की को बैठाकर गाड़ी दौड़ा रहा था। यही नहीं, दोनों एक-दूसरे के साथ अश्लील हरकतें भी कर रहे थे। किसी ने उनकी इन हरकतों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस ने युवक की तलाश कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

युवक निकला वेटर, प्रेमिका नाबालिग

हजरतगंज इंस्पेक्टर अखिलेश मिश्र ने बताया कि बीच सड़क अश्लीलता करने के आरोपी युवक को पकड़ लिया गया है। वह चिनहट देवा रोड गणेश नगर निवासी विक्की है। इलाके में कपड़े की दुकान चलाता है। इसके अलावा वह वेटर का काम भी करता है। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने निकला था। मस्ती के दौरान स्कूटर पर वह उल्टा होकर बैठ गई थी। उसकी गर्लफ्रेंड नाबालिग है। विक्की के खिलाफ विधिक कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

सीसीटीवी से खोजा गया गाड़ी का नंबर

एडीसीपी ट्रैफिक अजय कुमार के अनुसार, चौराहों पर लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटर का नंबर पता लगाया गया। पता चला कि यह चिनहट निवासी विशंभर के नाम है। हजरतगंज पुलिस की मदद से चालक की जानकारी की गई। पता चला कि विशंभर का बेटा विक्की गाड़ी चला रहा था।

इन धाराओं में हुई कार्रवाई

पुलिस ने बुधवार सुबह विक्की को गिरफ्तार कर उसकी गाड़ी भी सीज कर दी। उसके खिलाफ पुलिस ने आईपीसी की धारा 294 व 279 (सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता व खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाना) पर की कार्रवाई है। दोनों ही धारा में जुर्माना के साथ सजा का प्रावधान हैैं।