लखनऊ (ब्यूरो)।
पहली तस्वीर
सेक्टर 19, इंदिरानगर
समस्या- लो वॉल्टेज
स्थिति- पिछले एक सप्ताह से एरिया में लो वॉल्टेज की समस्या है। कभी दिन तो कभी रात में लो वॉल्टेज हो जाता है। लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से यह समस्या बढ़ गई है। रात नौ बजते ही वॉल्टेज कम हो जाता है और 11 बजते स्थिति बेहद खराब हो जाती है। रात 11 बजे के बाद एसी तक नहीं चल पाता है। जिससे गर्मी में रहने के लिए लोग मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि उन्होंने संबंधित सबस्टेशन में इसको लेकर कंपलेन भी की लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
कूलर-पंखे भी चलते हैैं धीमे
लोगों का कहना है कि कम वॉल्टेज के कारण एक तरफ तो एसी नहीं चल पाते हैैं, वहीं दूसरी तरफ कूलर पंखे भी स्लो हो जाते हैैं। इसके साथ ही कई बार रात में ट्रिपिंग की समस्या भी सामने आती है। हालांकि ट्रिपिंग की समस्या पांच से दस मिनट की ही रहती है। गंभीर समस्या लो वॉल्टेज की है। लोगों की मांग है कि इस समस्या को दूर किया जाए।

दूसरी तस्वीर
सेक्टर सी, इंदिरा नगर
समस्या- ट्रिपिंग
स्थिति- इंदिरानगर सेक्टर सी में रहने वाले लोगों की मुख्य समस्या ट्रिपिंग की है। पिछले कई दिन से लगातार रात में ट्रिपिंग हो रही है। जिससे लोगों की नींद में खलल पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि रात में अक्सर एक घंटे तक ट्रिपिंग होती है।
इस तरह हुई ट्रिपिंग
लोगों ने बताया कि मंगलवार रात 11.25 पर लाइट गई और 1 बजकर 10 मिनट पर आई। इसके बाद 10 मिनट बाद फिर लाइट चली गई, जो 1.30 पर आई। 15 मिनट बाद फिर से लाइट चली गई, जो रात 2 बजे आई। यह तो एक दिन की तस्वीर रही, लेकिन पिछले पंद्रह दिन से इस एरिया में यही समस्या आ रही है।

बोले लोग
इस समय वोल्टेज की समस्या ज्यादा बढ़ गई है। रात में तो वोल्टेज इतना कम हो जाता है कि एसी तक नहीं चल पाते हैैं। इसको लेकर सबस्टेशन में बात भी की गई लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
हेमंत भसीन
कभी दिन में तो कभी रात में लो वोल्टेज की समस्या सामने आ रही है। रात में प्रॉपर वोल्टेज न आने के कारण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तक नहीं चल पाते हैैं। इस समस्या को दूर किया जाना चाहिए।
राजश्री नीरज
ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या गहराती जा रही है। रात में प्रॉपर लाइट न मिलने की वजह से खासी दिक्कत होती है। इस समस्या पर ध्यान दिए जाने की जरुरत है।
सीमा साहनी