लखनऊ (ब्यूरो)। विभूतिखंड स्थित सहारा हॉस्पिटल के पास सब्जी मंडी रेलवे लाइन पर शनिवार रात 11.45 बजे एक युवक-युवती का क्षत-विक्षत शव मिला। शव के पास ही पुलिस को उनके मोबाइल फोन भी मिले, जिसके जरिए उनकी शिनाख्त की गई। छानबीन में पता चला कि दोनों बहराइच के ग्राम उदल पुरवा विशेश्वरगंज के रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके घरवालों को घटना की जानकारी दी। एसीपी विभूति खंड अनूप कुमार सिंह के मुताबिक मृतक युवक का नाम संतोष (24) और युवती का नाम नंदिनी (20)है।

परिवार के दबाव में युवक ने की थी शादी

पुलिस के मुताबिक में दोनों में काफी समय से अफेयर था, लेकिन दोनों की शादी नहीं हो पाई थी। परिवार वालों के दबाव में संतोष ने 4 साल पहले सुनीता से शादी की थी। उसकी चार माह की बेटी भी है। वही नंदिनी की मई में शादी होनी थी। परिवार के दबाव के चलते संतोष परिवार लेकर लखनऊ आ गया था और मड़ियांव अन्ना मार्केट में किराए का मकान लेकर रहा था। शादी होने के बाद भी नंदिनी से उसकी मुलाकात होती रहती थी।

बहराइच में दर्ज थी नंदिनी की गुमशुदगी

संतोष से शादी न होने और दूसरे से शादी का दबाव बनने पर नंदिनी शुक्रवार दोपहर परिजनों को बिना बताए यहां आ गई और शुक्रवार को उसने संतोष से मुलाकात की थी। घर वाले नंदिनी की तलाश कर रहे थे। घरवालों ने बहराइच के विशेषरगंज थाने में शनिवार को उसकी गुमशुदगी की तहरीर भी दी थी।

पुलिस ने दी थी पति के सुसाइड की जानकारी

मड़ियांव के प्रीत नगर में किराए के मकान में संतोष पत्नी और बच्ची के साथ रह कर कारपेंटर का काम करता था। मकान मालिक ने बताया वह भी बिना कुछ बताए घर से निकल गया था। संतोष की पत्नी सुनीता भी चार माह की बच्ची के साथ पति की तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात दोनों ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।

संतोष था इकलौती संतान

मृतक संतोष के परिवार में पिता रामचंद्र है। मां बिट्टू का देहांत हो चुका है। संतोष उनकी एकलौती संतान था। वहीं नंदिनी जायसवाल के पिता मि_ू लाल ने बताया कि वह खेती करते हैं। पांच भाई-बहनों में नंदिनी बीच की थी। वहीं मृतका की मां निर्मला देवी हैं।

गांव में थी अफेयर की चर्चा

संतोष व नंदिनी के अफेयर की चर्चा पूरे गांव में थी। नंदिनी के परिवार वालों को संतोष पसंद नहीं था। वह आर्थिक रूप से मजबूत न होने के साथ उनके बिरादरी का भी नहीं था। उधर, नंदिनी का साथ छुड़वाने के लिए परिवार के लोगों ने संतोष की शादी करा दी थी। प्यार को परवान न चढ़ता देख संतोष नंदिनी ने आत्महत्या की है।