- मध्य कमान सेनाध्यक्ष ने सभी 25 छावनियों में चेंज की कही बात

LUCKNOW :

कैंट एरिया के परंपरागत मूलभूत सुविधाओं को बेहतर करने के साथ उनको मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। अब स्मार्ट सिटी की तर्ज पर सभी कैंट एरिया को स्मार्ट बनाया जाएगा। इसमें सफाई, पानी, सड़क, पार्क और ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था में बदलाव होगा। रक्षा मंत्रालय ने स्मार्ट कैंट बनाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। यह बात मध्य कमान के सेनाध्यक्ष ले। जनरल बलवंत सिंह नेगी ने कही। वह सोमवार को मध्य कमान के अंतर्गत आने वाले यूपी, उत्तराखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश और उड़ीसा स्थित 25 छावनियों के सीईओ और अध्यक्षों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

मध्य कमान सेनाध्यक्ष ने सभी छावनियों की वित्तीय स्थिति और वहां के विकास कार्यो की रिपोर्ट देखी। उन्होंने छावनियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए वित्तीय संकट दूर करने के उपायों पर जोर दिया। साथ ही छावनी परिषद के स्कूलों में गुणवत्तापरक शिक्षा, छात्रों के व्यक्तित्व विकास और स्वास्थ्य सेवा बेहतर करने के लिए अपने सभी हॉस्पिटल को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। उन्होंने छावनी परिषदों को दिए जाने वाले वार्षिक बजट पर कहा कि किसी भी छावनी को उनके यहां की विकास योजनाओं के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी। रक्षा मंत्रालय की भूमि से जुड़े मामलों पर किसी तरह का अतिक्रमण या अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। इसे लेकर अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी तय करनी होगी। बैठक में मध्य कमान के स्टॉफ अध्यक्ष ले। जनरल राजन रविंद्रन, प्रधान निदेशक रक्षा संपदा मध्य कमान दीपा बाजवा, निदेशक एसएन गुप्ता सहित कई अधिकारी मौजूद थे।