लखनऊ (ब्यूरो)। यूपी-112 पर बुधवार रात ठाकुरगंज के हुसैनबाड़ी में मारपीट की सूचना मिली थी। इसपर नजदीक में तैनात पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) का सिपाही राहुल कुमार श्रीवास्तव अपने हमराही होमगार्ड नितिन त्रिपाठी के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। पीडि़त सिपाही के मुताबिक वहां दो पक्ष आपस में मारपीट कर रहे थे। उसने रोकने का प्रयास किया तो आपस का झगड़ा छोड़कर उसके ऊपर हमलावर हो गए।

पति पत्नी ने किया सिपाही पर हमला
होमगार्ड नितिन ने बताया कि कमलेश यादव उसकी पत्नी नीतू का दूसरे पक्ष शैलेन्द्र सिंह से झगड़ा हो रहा था। दोनों तरफ से दर्जन भर से ज्यादा लोग जुटे थे। इसी बीच कमलेश धारदार हथियार लेकर निकला तो सिपाही राहुल ने उसका हाथ पकड़कर हथियार छीनकर दूर फेंक दिया। इसपर कमलेश और उसकी पत्नी नीतू ने राहुल को पटक दिया। उसके गिरते ही दोनों पक्ष उसे पीटने लगे। इसी दौरान दंपति ने सिपाही का कान दांत से काटकर अलग कर दिया।

नहीं पहुंची थाने की फोर्स
भीड़ के बीच घिरे होमगार्ड और सिपाही की जान पर बन आई। सिपाही को लहूलुहान देख होमगार्ड ने ठाकुरगंज थाने और अधिकारियों को मदद के लिए फोन किया, लेकिन थाने से फोर्स नही पहुंची। किसी तरह भीड़ के चुंगल से छूटने के बाद दोनों थाने पहुंचे तब उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार 12 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर सभी की तलाश की जा रही है।

सिपाही पर लगाया अभद्रता का आरोप
मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि सिपाही और होमगार्ड पहुंचे तो दोनों पक्षों को गालियां देने लगे। इसपर दोनों पक्ष रुक गए और पुलिसवालों को गाली देने से मना करने लगे। इस पर सिपाही और गुस्सा हो गया महिलाओं से अभद्रता करने लगा। उसकी हरकत से दोनों पक्ष आक्रोशित हो गए और उसके ऊपर हमलावर हो गए।