- रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी की घटना, नार्दन रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर का नौकर था युवक

- कमरे में हाथ पैर बंधे मिले, बिजली के तार से कसा गया था गला

द्यह्वष्द्मठ्ठश्र2@द्बठ्ठद्ग3ह्ल.ष्श्र.द्बठ्ठ

रुष्टयहृह्रङ्ख : कैंट के हाई सिक्योरिटी जोन स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में शुक्रवार को दिन दहाड़े एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर पुनीत कुमार का नौकर ब्रजमोहन (32) था। उसका शव कमरे की फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। गले में वाटर हीटर का तार लिपटा था जबकि हाथ पैर बंधे थे। वहीं गले को बेरहमी से रेता गया था। इसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवास को सील कर दिया है। पुलिस के मुताबिक लूटी की रकम की जानकारी इंजीनियर से पूछताछ के बाद स्पष्ट हो सकेगी।

बनियान से बांधा हाथ पैर

कैंट के हाई सिक्योरिटी जोन सोमनाथ द्वार के पास रेलवे कॉलोनी है। यहां उत्तर रेलवे में बतौर डिप्टी चीफ इंजीनियर के पद पर तैनात पुनीत कुमार रहते हैं। उनके साथ फिरोजाबाद के कोल्हा माई का रहने वाला नौकर ब्रजमोहन रहता था। ब्रजमोहन रेलवे में चतुर्थ श्रेणी का कर्मचारी था। शुक्रवार दोहपर करीब 1.30 बजे इंजीनियर के घर में घुसे बदमाशों ने गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक हत्या के पहले बदमाशों ने ब्रजमोहन के हाथ और पैर बांध दिये थे। इसके लिए उसकी बनियान का प्रयोग किया गया था। पुलिस के मुताबिक वाटर हीटर से पहले उसका गला घोंटा गया। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेता गया है। उसका शव खून से लथपथ फर्श पर पड़ा था।

केयर टेकर ने पुलिस बूथ पर दी सूचना

डीसीपी पूर्वी संजीव सुमन के मुताबिक वारदात की सूचना कॉलोनी के केयर टेकर विनय तिवारी ने पुलिस बूथ पर दी। सूचना मिलते ही मौके पर एसीपी कैंट डॉ। अर्चना सिंह, इंस्पेक्टर नीलम राणा, क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वॉयड, फॉरेंसिक टीम पहुंच गई। सभी टीमों ने वारदात स्थल की जांच की। पुलिस के स्नेफर डॉग कमरे से निकलकर बाहर सड़क से होते हुए दूसरे दरवाजे से फिर वापस कमरे तक चला गया। पुलिस वहां मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।

दोपहर को इंजीनियर का ड्राइवर आया था

डीसीपी पूर्वी के मुताबिक करीब 1.15 बजे डिप्टी चीफ इंजीनियर पुनीत का ड्राइवर उनके आवास पर खाना लेने आया था। आखिरी बार ब्रजमोहन को उसके साथ देखा गया था। ड्राइवर को इंजीनियर का खाना देने के बाद बाद ब्रजमोहन वापस चला गया। पुलिस के मुताबिक इसके बाद ही उसकी हत्या की गई है। अंदर लूटपाट भी हुई है। लूटपाट में कैश और कीमती सामान जाने की बात सामने आई है, लेकिन अभी कितने का सामान और कैश गायब है, इसकी जानकारी नहीं है।

सीढि़यों पर खून के निशान देख केयर टेकर घबराया

पुलिस के मुताबिक कॉलोनी में ही एक फ्लैट में रेलवे का रेस्ट हाउस भी है। वहीं ऊपरी मंजिल पर पुनीत कुमार रहते हैं। रेस्ट हाउस में केयर टेकर के रूप में विनय तिवारी को रखा गया है। दोपहर करीब 1.30 बजे विनय तिवारी किसी काम से रेस्ट हाउस से बाहर निकला। उसने डिप्टी चीफ इंजीनियर के आवास के बाहर खून के निशान देखे। उसने इसकी सूचना अपने मालिक को दी। इसके बाद पुलिस को दी।

दरवाजे पर मिले उंगलियों के निशान

फॉरेंसिक टीम ने पूरे घर से कई साक्ष्य जुटाए। इस दौरान पुलिस को सीढि़यों पर खून से सने पुलिस बूट के निशान मिले। कमरे में भी इसी तरह के कई जगह निशान मिले। वहीं दरवाजे पर कई उंगलियों के निशान मिले हैं, जिसे साक्ष्य के रूप में लिया गया है। पुलिस के मुताबिक वारदात को दो या उससे अधिक बदमाशों ने अंजाम दिया है क्योंकि नौकर को बांधने के बाद उसकी हत्या की गई है। पुलिस वारदात पर लूट व हत्या की आशंका जता रही है। वहीं इंजीनियर और केयरटेकर से पूछताछ की जा रही है।

लॉकडाउन के दौरान किया गया था स्थायी

पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि ब्रजमोहन करीब 6 साल से अस्थाई तौर पर काम कर रहा था। वह अक्सर काम छोड़कर घर चला जाता था। इसे देखते हुए उसे स्थाई नहीं किया जा रहा था। लॉकडाउन के दौरान डिप्टी चीफ इंजीनियर ने उसे सिफारिश पर स्थाई कराया था। पुलिस के मुताबिक ब्रजमोहन के परिवार में पत्‍‌नी और दो बच्चे हैं। वारदात के समय डिप्टी चीफ इंजीनियर के सहारनपुर निवासी फूफा चंद्रमान ड्राइंग रूम में टीवी देख रहे थे। उनके दरवाजे को अंदर से बंद कर दिया गया था। वहीं एक कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। पुलिस के मुताबिक वह काफी बुजुर्ग हैं। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर रही है।

बॉक्स

बेडरूम में बिखरा था सामान

पुलिस कमिश्नर डीके ठाकुर के मुताबिक पूरे घर की पड़ताल की गई। डिप्टी चीफ इंजीनियर पुनीत के फ्लैट में दो बेडरूम हैं। एक बेडरूम को वह खुद प्रयोग करते हैं। दूसरे को गेस्ट रूम बना रखा है। पुनीत ने बताया कि उनके कमरे का सारा सामान बिखरा हुआ था। कमरे में नकदी भी रखी थी। इसके अलावा कई कीमती सामान थे, जिसके गायब होने की बात सामने आई है। हालांकि रकम के बारे में अभी वह पूरी तरह से नहीं बता सके हैं। वारदात में दो से तीन लोगों के होने की आशंका है। वारदात के बाद बदमाशों ने कमरे को बाहर से बंद कर दिया था। वारदात को अंजाम देने में करीबी या पहचान वाले शामिल हैं। बदमाशों को पूरे घर के बारे में जानकारी थी। उनको पता था कि कौन सा सामान कहां रखा है। पुलिस के मुताबिक पुनीत के कमरे से दो टिफिन बॉक्स मिले हैं, जिसके बारे में पुनीत पूरी तरह से अंजान हैं। पुनीत के मुताबिक बॉक्स किसका है इसके बारे में नहीं जानते हैं।

हाई सिक्योरिटी जोन में हत्या से सनसनी

कैंट में दिन दहाड़े हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। कैंट में एक महीने के अंदर यह दूसरी हत्या की वारदात हुई है। 26 फरवरी को सूबेदार पेम्बा बहादुर की हत्या की गई थी। घटना में सूबेदार का एक साथी जख्मी भी हुआ था।

कोट

वारदात के खुलासे के लिए कई बिंदुओं पर जांच हो रही है। जांच में सामने आया है कि वारदात को किसी करीबी ने अंजाम दिया है। डिप्टी चीफ इंजीनियर और केयर टेकर से पूछताछ की जा रही है। जल्दी ही वारदात का खुलासा कर दिया जाएगा।

डीके ठाकुर, पुलिस कमिश्नर लखनऊ