- पंडालों और घरों में विधि-विधान से गणपति की हुई स्थापना

LUCKNOW: भक्तों के दुख हरने विध्नहर्ता गणपति भगवान घरों और पंडालों में विराजमान हो गए हैं। शनिवार को भक्तों ने विधि-विधान से गणपति प्रतिमाओं की स्थापना की। कोरोना संक्रमण के चलते इस बार समितियों की ओर से कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे। भक्त श्रीगणेश से जल्द कोरोना संक्रमण के अंत की कामना करेंगे। इस बार राजधानी में गणपति महोत्सव के दौरान पहले जैसी रौनक नहीं दिखाई देगी।

घरों में स्थाकपित हुए श्रीगणेश

गणेश चतुर्थी के अवसर पर बाप्पा के भक्तों ने अपने-अपने घरों में पूरे विधि-विधान के साथ श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की। पहले के मुकाबले इस बार लोगों ने घरों में मिट्टी के गणेश प्रतिमा की स्थापना की। वहीं कई भक्तों ने खुद ही घर पर ईको फ्रेंडली गणपति की प्रतिमा बनाकर स्थापित की। हालांकि कोरोना के कारण लोगों ने घरों में किसी को बुलाया नहीं। वहीं श्रीगणेश से जल्द कोरोना संकट दूर करने की मनोकामना की।

बदला पंडालों का स्वरूप

कोरोना संक्रमण के कारण इस बार भव्य पंडालों की जगह गणपति की प्रतिमाएं साधारण पंडालों में स्थापित की गई हैं। झूलेलाल पार्क में हर साल जहां पहले भव्य मेला लगता था, वहीं इस बार गणपति प्रतिमा महानगर के श्री श्याम सत्संग भवन में स्थापित की गई है। यहां गणपति प्रतिमा की स्थापना कमेटी के राजेश बंसल ने पत्‍‌नी के साथ की। यहां आरती और पूजन का रोज फेसबुक पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।

आरती का लाइव टेलीकास्ट

पत्रकारपुरम श्री गणेश पूजा कमेटी की ओर से गणेश प्रतिमा की स्थापना की गई। मराठी समाज और चौक के व्यापारियों की ओर से चौक के राजा गजानन की प्रतिमा इस बार संतोषी माता मंदिर में स्थापित की गई है। संयोजक अनुराग मिश्रा के मुताबिक आयोजन सीमित होने के साथ आरती का रोज लाइव टेलीकस्ट किया जाएगा।

दो पुजारी ही करेंगे पूजन

अमीनाबाद के राजा की स्थापना प्रताप मार्केट में पूरे विधि-विधान के साथ की गई। संयोजक अतुल अवस्थी ने बताया कि हर दिन दो पुजारी ही यहां गणपति का पूजन करेगा। इसके साथ ही कोरोना संक्रमण के खात्मे के लिए महारुद्राभिषेक होगा। वहीं हीवेट रोड के पास मंदिर में श्रीगणेश की स्थापना सिर्फ पांच लोगों की मौजूदगी में ही की गई। कोरोना प्रोटाकॉल के तहत एकबार में केवल पांच भक्तों को ही यहां प्रवेश दिया जाएगा। वहीं यहां आने वाले भक्तों को प्रसाद के रूप में काढ़ा पाउडर दिया जाएगा।

बाक्स

पर्यावरण संरक्षण का संदेश

मनकामेश्वर मंदिर में महंत देव्यागिरि ने गोबर से बनी दो फीट की गणेश प्रतिमा स्थापित की। यहां इस बार गणपति के माध्यम से भक्तों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाएगा। श्रीगणेश युवा मंडल यहियागंज में बप्पा की प्रतिमा स्थापना के समय कमेटी के सिर्फ दो लोग ही मौजूद रहे।