लखनऊ (ब्यूरो)। केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर के बेटे विकास किशोर के ठाकुरगंज के बेगरिया स्थित मकान में विनय श्रीवास्तव (30) के सिर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। खून से लथपथ विनय का शव कमरे में बेड के पास फर्श पर मिला। इस वारदात को मंत्री के बेटे विकास उर्फ आशू की लाइसेंसी पिस्टल से अंजाम दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि विकास किशोर के घर में उसके छह दोस्त जुआं खेल रहे थे। इस दौरान विनय 12 हजार रुपये हार गया, जिससे दोस्तों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद तीन साथी अजय रावत, अंकित वर्मा और शमीम उर्फ बाबा ने विनय की हत्या कर दी। ठाकुरगंज थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

खून से लथपथ था शव

वारदात गुरुवार देर रात करीब 2 बजे की है। ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के बेगरिया फरीदीपुर स्थित मकान में केंद्रीय मंत्री का बेटा विकास किशोर रहता है। इसी घर में विनय का खून से लथपथ शव बेड के पास मिला। उसकी कनपटी पर गोली लगी थी। फर्श पर चारों तरफ खून फैला था। पुलिस को मौके से एक लाइसेंसी पिस्टल मिली, जो विकास किशोर की थी। इसके अलावा एक खोल बरामद हुआ। वारदात के बाद पुलिस ने चार टीमें बना दीं। पुलिस जांच में सामने आया कि विनय पिछले करीब पांच सालों से विकास के साथ रहता था और उसका खास था, लेकिन घटना के दौरान विकास घर पर नहीं था।

घर में चल रही थी दारू पार्टी

जेसीपी क्राइम आकाश कुलहरि ने बताया कि वारदात के वक्त कमरे में विनय के अलावा अन्य पांच और दोस्त थे, जिसमें अजय रावत, अंकित वर्मा, शमीम उर्फ बाबा, सौरभ रावत और अरुण प्रताप उर्फ बंटी थे। ये सभी गुरुवार रात विकास किशोर के घर पहुंचे और यहां पर दारू पार्टी की। इसके बाद सभी जुआं खेलने लगे। जिसमें ठाकुरगंज के फरीदीपुर बेगरिया निवासी विनय श्रीवास्तव जुए में 12 हजार रुपये हार गया। कुछ देर बाद अंकित, अजय और शमीम के कहने पर जुए का खेल बंद हो गया। सौरभ और अरुण जीत के पैसों को लेकर चले गए।

इसलिए की हत्या

दोनों के जाने पर यहां फिर से दारू पार्टी शुरू हो गई। थोड़ी देर बाद विनय ने हार का ठीकरा इन तीनों दोस्तों पर फोड़ दिया। जिसके बाद विनय ने अंकित, शमीम और अजय से लड़ाई शुरू कर दी। इस बीच विनय की शर्ट फट गई। मामला इतना बढ़ा कि ताकिये के नीचे रखी विकास किशोर की पिस्टल से विनय को गोली मार दी। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जिसके बाद सौरभ और अरुण को फोन कर बुलाया गया। मामला पुुलिस तक पहुंचा तो तीन आरोपी दुबग्गा निवासी अजय रावत (32), बालागंज तोपखाना निवासी अंकित वर्मा (27) और दुबग्गा निवासी शमीम (21) को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतक विनय के भाई ने जताई थी हत्या की आशंका

शुरुआत में पुलिस मानकर चल रही थी कि यह सुसाइड है, लेकिन मृतक के भाई विकास श्रीवास्तव ने हत्या का शक जताया था, जिसके बाद पुलिस की इंवेस्टिगेशन तेज हुई। तहरीर में कहा गया कि मंत्री के घर में अजय रावत, शमीम, अंकित और बाबा रहते हैं। रात में सूचना मिली कि जल्दी विकास किशोर के घर पहुंच जाओ। मेरे छोटे भाई ने ये सूचना दी थी। विनय के बड़े भाई विकास ने बताया कि मैं विकास के घर पहुंचा, तो भाई जमीन पर खून से सना पड़ा था। माथे के ऊपर गोली लगी थी। विनय मंत्री के बेटे विकास का खास दोस्त था। मेरे भाई की कोई पुरानी रंजिश नहीं थी, घटना के बाद मेरे भाई की शर्ट फटी थी। इससे देखकर लग रहा था कि घटना के दौरान पहले हाथापाई हुई है।

मंत्री कौशल किशोर ने दी सफाई

हत्या की सूचना पर मंत्री कौशल किशोर घटनास्थल पर पहुंचे और कहा कि मृतक विनय और उसका परिवार मेरे बहुत करीबी हैं। विनय 2017 विधानसभा चुनाव से हम लोगों के साथ रहता था। मैं इस दुख की घड़ी में उनके साथ हूं, लेकिन घटना केदौरान मेरा बेटा विकास घर में नहीं था। एक लोग की तबियत खराब होने पर बेटा 31 अगस्त को दिल्ली चला गया था। बेटे के घर में कौन-कौन रहता है, इसकी जानकारी नहीं है। वह फ्लाइट से आ रहा है। कौन लोग इसमें शामिल हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।

जुए में 12 हजार रुपये हारने के विवाद में विनय की हत्या की गई थी। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

आकाश कुलहिर, जेसीपी क्राइम

विवादों से रहा गहरा नाता

- कौशल किशोर का पारिवारिक जीवन विवादों से भरा रहा है। इनका बेटा आकाश किशोर नशे का आदी था। काफी समय तक उसका इलाज नशा मुक्ति केंद्र में चला। उसकी शादी भी कराई गई, पर हालात नहीं सुधरे और अक्टूबर 2020 में आकाश का निधन नशे की लत के चलते हो गया था।

- वर्ष 2021 में कौशल किशोर के बेटे आयुष किशोर की पत्नी अंकिता के नस काटकर खुदकुशी की कोशिश का विवाद सामने आया था।

-आयुष का नाम तब फिर विवादों में फंसा जब उसने खुद पर बदमाशों द्वारा गोली चलाने का आरोप लगाया था। हालांकि, बाद में पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आयुष ने अपने साले आदर्श के जरिए ही खुद पर गोली चलवाई थी।