लखनऊ (ब्यूरो)। आशियाना सेक्टर एम निवासी श्याम सिंह यादव यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल हैं। वह हाई कोर्ट की सुरक्षा में तैनात हैं। घटना गुरुवार शाम की है। वह बाइक से घर से निकले थे। आगे जा रहे लोडर को पास करने के लिए हार्न बजाया। लोडर में सवार तीन युवक साइड देने के बजाये गाड़ी रोककर विवाद करने लगे। विवाद बढऩे पर तीनों ने बाइक सवार हेड कांस्टेबल को पहले तो मारा पीटा और फिर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार से श्याम सिंह घायल हो गए और लहूलुहान होकर रोड पर गिर गए। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। आस-पास के लोगों ने हेड कांस्टेबल पर हुए हमले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के अनुसार चाकू के वार से श्याम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हत्या के प्रयास का केस दर्ज

इंस्पेक्टर आशियाना ने बताया रोड रेज के विवाद में हेड कांस्टेबल व लोडर चालकों से विवाद हुआ था। विवाद में उन लोगों ने चाकू से हमला किया, जिससे दीवान घायल हो गए। उनकी शिकायत पर दबंगों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।