लखनऊ (ब्यूरो)। पहाड़ों पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर मैदानी इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। एक ओर कई ट्रेनों के रद्द होने से यात्री परेशान थे। वहीं, कई बसों का संचालन बंद होने से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। खासतौर पर दिल्ली, चंड़ीगढ़ और देहरादून रूट की बस सेवाएं रद्द कर दी गई हैं। वहीं, आनंद विहार और दिल्ली के अन्य बस टर्मिनल तक जाने वाली यूपी रोडवेज की एसी और साधारण बसों का संचालन अगले आदेश तक रोक दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, हालात सामान्य होते ही बसों का संचालन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।

बस संचालन पर रोक लगाई गई

मूसलाधार बारिश के चलते आवागमन पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। सबसे ज्यादा दिल्ली और पहाड़ की ओर जाने वाली बसों पर असर पड़ा है। दिल्ली तक जाने वाली बसों का संचालन केवल कौशांबी तक किया जा रहा है। क्षेत्रिय प्रबंधक मनोज कुमार ने बताया कि सहारनपुर, कौशांबी और चंडीगढ़ के अधिकारियों से बात हुई है। उनकी रिपोर्ट के आधार पर अगले आदेश तक कुछ बसों के संचालन पर रोक लगा दी गई है। क्योंकि भारी बारिश के कारण बसों को बीच रास्ते रोकना पड़ जा रहा है, जिससे बस में सफर कर रहे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी वजह से लखनऊ से चार जगहों के लिए एसी और साधारण बसों के संचालन पर रोक लगाई गई है। जैसे ही हालात सामान्य होंगे संचालन तत्काल शुरू कर दिया जाएगा।

टिकट का पैसा होगा रिफंड

वहीं, कई ऐसे यात्री हैं जो ऑनलाइन अपना एडवांस टिकट पहले ही बुक करा लेते हैं। ऐसे यात्रियों का पैसा रिफंड किया जाएगा। जो उनके अकाउंट में एक सप्ताह के भीतर चला जाएगा। अगर तय समय पर पैसा अकाउंट में नहीं आता है तो यात्री टोल फ्री नंबर 18001802877 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों का तत्काल दूर करने का काम किया जाएगा।

आलमबाग से इन रूटों की बसें निरस्त

-दिल्ली के लिए 96 बसें

-उत्तराखंड के लिए 12 बसें

-हरियाणा के लिए 6 बसें

-चंडीगढ़ के लिए 4 बसें