25 हजार आबादी तीन मोहल्ले मिलाकर

3 मोहल्लों में कंफ्यूजन की स्थिति बरकरार

10 फीसदी घरों से कोई कूड़ा नहीं लेता

.फैजुल्लागंज के प्रीती नगर समेत कई मोहल्लों में समस्या आई सामने

.घरों से निगम कर्मी भी ले रहे कूड़ा और प्राइवेट कर्मी भी दे रहे अपनी सुविधाएं

LUCKNOW एक तरफ जहां नगर निगम की ओर से फैजुल्लागंज एरिया में विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ आलम यह है कि प्रीती नगर समेत कई मोहल्लों में घरों से निकलने वाले कूड़े के दो दावेदार सामने आए हैं। जिसकी वजह से पब्लिक खासी कंफ्यूज है। एक दावेदार नगर निगम है, जबकि दूसरा दावेदार प्राइवेट कर्मी हैं। जिसकी वजह से पब्लिक कंफ्यूज है कि कूड़ा किसको दें और यूजर चार्ज कौन ले जाएगा।

दोनों आते कूड़ा लेने

स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के वक्त तो निगम की गाड़ी घरों से कूड़ा कलेक्ट करने आती है, वहीं थोड़ी देर में प्राइवेट कर्मी भी कूड़ा लेने आ जाता है। अभी तक निगम की ओर से व्यवस्था नहीं की गई थी, जिसकी वजह से प्राइवेट कर्मी को ही कूड़ा दे रहे थे। अब निगम की ओर से घरों से कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था कर दी गई है लेकिन प्राइवेट कर्मी भी कूड़ा लेने आ रहे हैं।

वो झाड़ू भी लगाते

लोगों की ओर से एक सवाल यह भी उठाया गया है कि उन्हें निगम की गाड़ी को कूड़ा देने में कोई प्रॉब्लम नहीं है लेकिन प्राइवेट कर्मी कूड़ा भी ले जाते हैं और घर के बाहर झाड़ू भी लगाते हैं। जबकि निगम की ओर से ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों की ओर से मांग रखी गई है कि निगम की ओर से एरिया में प्रॉपर झाड़ू लगवाने की व्यवस्था कराई जाए।

यहां कंफ्यूजन की स्थिति

लोगों ने बताया कि प्रीती नगर, केशव नगर, श्याम विहार कॉलोनी इत्यादि में रहने वाले लोगों में कंफ्यूजन की स्थिति बनी हुई है। लोग परेशान हैं कि उन्हें महीने के अंत में दोनों को पैसा देना पड़ेगा।

यहां तो कोई नहीं जाता

वहीं प्रीती नगर एरिया के एक हिस्से में एक और बदहाल तस्वीर सामने आई है। एक तरफ जहां इस एरिया के कई मोहल्लों में दो-दो लोग कूड़ा लेने जा रहे हैं, वहीं कई घर ऐसे हैं, जहां कोई घरों से कूड़ा लेने नहीं जाता है। जिसकी वजह से लोगों को इधर-उधर कूड़ा फेंकने के लिए मजबूर होना पड़ता है। लोगों की मांग है कि निगम की गाड़ी उनके घरों से भी कूड़ा कलेक्ट करे।

वर्जन

अब समझ नहीं आ रहा है कि कूड़ा किसे दें और किसे नहीं। अगर प्राइवेट कर्मी को कूड़ा नहीं देते हैं तो घर के बाहर झाड़ू कौन लगाएगा। निगम प्रशासन को इस व्यवस्था को दुरुस्त करने की जरूरत है, जिससे हर कोई निगम की गाड़ी को ही कूड़ा दे।

राजकुमार राय, गायत्री नगर

पहले तो सिर्फ प्राइवेट कर्मी ही घर से कूड़ा लेने के लिए आते थे लेकिन अब पिछले कुछ दिनों से निगम की गाड़ी कूड़ा लेने आ रही है। हम तो निगम और प्राइवेट कर्मी दोनों को कूड़ा दे रहे हैं। ऐसे में हम सबको कूड़ा उठाने के एवज में अलग-अलग पेमेंट करना होगा।

जेपी द्विवेदी, प्रीती नगर

बहुत ही कंफ्यूजन की स्थिति है। अगर निगम प्रशासन झाड़ू लगवाने की उचित व्यवस्था करवा दे तो साफ है कि निगम की गाड़ी को ही कूड़ा दिया जाएगा। प्राइवेट कर्मी कूड़ा लेने के साथ-साथ घर के बाहर झाड़ू भी लगाते हैं।

नन्हे शर्मा, प्रीती नगर

मेरा घर भी प्रीतिनगर में है, लेकिन स्थिति यह है कि मेरे घर से न तो नगर निगम कर्मी कूड़ा ले जाते हैं और न ही प्राइवेट कर्मी। इसकी वजह से हमे खासी परेशानी होती है। निगम प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिये।

शशांक सिंह

बोले जिम्मेदार

यह बात पूरी तरह से स्पष्ट है कि नगर निगम की गाड़ी को कूड़ा देना है और यूजर चार्ज भी। अगर कोई प्राइवेट कर्मी कूड़ा लेने आ रहा है तो उसके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा। जल्द ही झाड़ू लगवाने की व्यवस्था भी प्रॉपर करवा दी जाएगी।

अजय कुमार द्विवेदी, नगर आयुक्त