लखनऊ (ब्यूरो)। आमों की बात हो और मैंगो मैन के नाम से मशहूर पद्मश्री हाजी कलीम उल्ला खां का जिक्र न हो, यह तो हो ही नहीं सकता। उन्होंने न केवल दशहरी आमों को बढ़ावा दिया, बल्कि आमों की नई वैराइटी तैयार कर उनको अनूठे नाम देकर फेमस भी कर रहे हैं। इस समय वह लता मंगेशकर, मो। रफी और अमित शाह को लेकर आम की नई वैराइटी तैयार करने में लगे हैं। ऐसे में आम के शौकीनों को जल्द ही नई वैराइटी का स्वाद मिलने वाला है।

लता और रफी के नाम पर होगा आम

मलिहाबाद निवासी पद्मश्री हाजी कलीम उल्ला खां आमों की नई वैराइटी इजाद करने में माहिर हैं। वह अबतक, एश्वर्या, नमो, अनारकली, सचिन समेत कई मशहूर शख्सियतों के नाम पर आम की विशेष किस्में इजाद कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि मरहूम लता मंगेशकर और मो। रफी के पूरी दुनिया में करोड़ों चाहने वाले हैं। ऐसे में उनके नाम को हमेशा के लिए अमर रखने की दिशा में काफी समय से नई वैराइटी इजाद करने में लगा हुआ था। इसी को देखते हुए नई आम की वैराइटी इजाद की है। हालांकि, अभी उसमें आम आना बाकि है। आम आने के बाद ही पता लग सकेगा कि जो खासियतें उस आम में होनी चाहिए, वे उसमें हैं कि नहीं।

अमित शाह के नाम पर भी आम

पद्मश्री हाजी कलीम उल्ला खां ने आगे बताया कि इसके अलावा वह देश के गृहमंत्री अमित शाह के नाम पर भी एक वैराइटी तैयार कर रहे हैं, जिसे मिलाकर कुल तीन नई किस्में तैयार की जा रही हैं। अभी पेड़ धीरे-धीरे बढ़ रहा है। जल्द ही इसमें आम आएंगे। जिसके बाद ही इन वैराइटीज का नामकरण करते हुए इनकी आधिकारिक घोषणा की जायेगी। इन आमों का स्वाद, रंगत, महक और साइज अन्य आमों से जुदा होगा। उम्मीद है कि जल्द ही ये सबके सामने होंगे।