लखनऊ (ब्यूरो)। होली के मद्देनजर होने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम द्वारा अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। ये बसें 22 मार्च से 1 अप्रैल तक चलेंगी। ऐसे में, पर्व के दौरान यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही चालक-परिचालक के लिए प्रोत्साहन भत्ता लागू कर दिया गया है। वहीं, 10 दिनों तक अधिकारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं।

पहले से कर ली जाये तैयारी

परिवहन राज्यमंत्री दया शंकर सिंह ने कहा कि गाजियाबाद-दिल्ली एवं पश्चिमी क्षेत्रों से लोग ज्यादा यात्रा करते हैं। जिसको देखते हुए इन क्षेत्रों में बसों एवं कर्मचारियों की संख्या आवश्यकतानुसार निर्धारित करते हुए पहले से ही तैयारी कर ली जाए। साथ ही शत-प्रतिशत निगम बसों को ऑनरोड किया जाए व निरंतर चलाये जाने की व्यवस्था यथा आवश्यतानुसार सुनिश्चित की जाए। पर्व अवधि में अनुबंधित बसों को अवकाश न दिया जाए। वाहन स्वामी अपने वाहनों की मरम्मत कार्य कराकर संचालन के लिए अपनी बसें उपलब्ध करायें।

मिलेगी प्रोत्साहन राशि

परिवहन मंत्री ने कहा कि पर्व अवधि में ऐसे चालक-परिचालक जिसमें संविदा तथा आउटसोर्सिंग के चालक-परिचालक शामिल होंगे, उनको निर्धारित औसत किमी का संचालन करने पर 350 रुपये प्रति दिवस की दर से विशेष प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जायेगा। इन्हें प्रोत्साहन अवधि में औसतन 300 किमी प्रतिदिन संचालन करना होगा। यदि ऐसे 11 दिन की डयूटी करने पर 400 रुपये प्रतिदिन की दर से प्रोत्साहन देय होगी, जबकि अतिरिक्त किमी पर प्रति किमी 55 पैसे का अतिरिक्त मानदेय दिया जायेगा।

लखनऊ से भी चलेंगी अतिरिक्त बसें

लखनऊ परिक्षेत्र के आरएम आरके त्रिपाठी के मुताबिक, लखनऊ से अन्य जगहों के लिए करीब 305 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। जिसमें शताब्दी, जनरथ, पिंक बस और साधारण बसें शामिल हैं। साथ ही प्रारंभिक प्वाइंट्स से 60 पर्सेंट से अधिक यात्री लोड मिलता है तो सभी रूटों पर अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा।

इन रूटों पर अतिरिक्त बसें

- लखनऊ-गोरखपुर - 46 बसें

- लखनऊ -दिल्ली - 43 बसें

- लखनऊ-बहराइच - 26 बसें

- लखनऊ-गोंडा-बलरामपुर - 24 बसें

- लखनऊ-कानपुर - 17 बसें

- लखनऊ-आजमगढ़ - 37 बसें

- लखनऊ-देहरादून - 9 बसें

- लखनऊ-हरिद्वार - 10 बसें

- लखनऊ-वाराणसी - 10 बसें

- लखनऊ-प्रयागराज - 33 बसें

- लखनऊ-आगरा-मथुरा - 20 बसें

- लखनऊ-रायबरेली - 20 बसें

- रायबरेली-कानपुर-दिल्ली -10 बसें