लखनऊ (ब्यूरो)। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने शनिवार को सीयूईटी यूजी 2023 का रिजल्ट जारी कर दिया। रिजल्ट में कई मेधावियों ने बेहतरीन मार्क्स स्कोर कर शहर का नाम रोशन किया है। शहर के प्रबुद्ध दुबे ने 800 में से 799.64 स्कोर कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रबुद्ध को चार सब्जेक्ट्स में 100 पर्सेंटाइल भी मिले हैं। प्रबुद्ध के अलावा इशिता सिंह, श्रिया अग्रवाल और शिवांश राव ने भी अच्छे अंक स्कोर किए।

इकोनॉमिक्स फील्ड में बनाना है करियर

स्टडी हॉल से 12वीं कर चुके प्रबुद्ध दुबे ने सीयूईटी के एग्जाम में इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस, साइकोलॉजी और इकोनॉमिक्स में 100 पर्सेंटाइल स्कोर किए हैं। प्रबुद्ध का कहना है कि मैंने जो कुछ भी बोर्ड एग्जाम में पढ़ा था, उसी को अच्छे से रिवाइज किया। मैं बीए प्रोग्राम सेंट स्टीफेंस कॉलेज से करना चाहूंगा या जामिया मिलिया इस्लामिया कॉलेज में इकोनॉमिक्स ऑनर्स करना चाहता हूं। प्रबुद्ध ने बताया कि आगे इकोनॉमिक्स फील्ड में ही करियर बनाना चाहता हूं। प्रबुद्ध के पिता प्रमोद दुबे पीएनबी में जनरल मैनेजर और मां डॉ। शेफाली शर्मा एमिटी यूनिवर्सिटी में बिहेविरल साइंस पढ़ाती हैं।

इशिता सिंह को मिले 794 मार्क्स

गोमतीनगर की स्टूडेंट इशिता को सीयूईटी में 794 मार्क्स मिल हैं। इशिता ने इंग्लिश, लीगल स्टडीज और पॉलिटिकल साइंस में 100 पर्सेंटाइल स्कोर किए हैं। वह बीए पॉलिटिकल साइंस का कोर्स करना चाहती हैं। इशिता के अलावा लामार्टिनियर गर्ल्स कॉलेज की श्रिया अग्रवाल ने 800 में से 760 अंक स्कोर किए हैं। उन्हें इंग्लिश में 100 पर्सेंटाइल मिले हैं। सौम्या लाल को इंग्लिश, गीतिका श्रीवास्तव को इंग्लिश, शिवांश राय को इंग्लिश व इकोनॉमिक्स में और अंशप्रिया श्रीवास्तव को पॉलिटिकल साइंस में 100 पर्सेंटाइल मिले हैं।