- क्रिसमस सेलिब्रेशन की तैयारियां अंतिम दौर में

- कोरोना के कारण इस बार घर पर ही मनेगा जश्न

LUCKNOW: प्रभु यीशु के जन्मदिन का समय जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, ईसाई समुदाय के लोगों का उत्साह बढ़ता जा रहा है। हालांकि लोगों में इस बात का मलाल है कि इस बार कोरोना की वजह से कोई बड़े सेलिब्रेशन नहीं होंगे। इसे देखते हुए लोग घर में ही धूमधाम से क्रिसमस सेलिब्रेट करने की तैयारी कर रहे हैं। अब तो बाजार भी क्रिसमस के रंग में रंगे दिखाई देने लगे हैं। गुरुवार आधी रात को प्रभु यीशु के जन्म लेते ही राजधानी पूरी तरह क्रिसमस के रंग में रंग जाएगी।

घरों में हुई सजावट

क्रिसमस को लेकर लोगों ने घरों में साफ-सफाई का काम पूरा कर लिया है और अब लाइटिंग के साथ क्रिसमस ट्री को सजाने का काम शुरू हो गया है। क्रिसमस ट्री को कई तरह के रंग-बिरंगे स्टार, बेल और लाइटों से सजाया जा रहा है। वहीं बच्चों ने कैरल सिंगिंग की प्रैक्टिस भी शुरू कर दी है।

कोविड के चलते आया बदलाव

राजधानी में हर साल क्रिसमस का पर्व काफी धूमधाम से मनाया जाता है। क्रिसमस के दिन हजरतगंज पूरी तरह गुलजार हो जाता है और देर रात तक वहां मेला लगा रहता है। इस बार कोरोना के चलते यह नजारा नहीं दिखाई देगा। चर्च में कोविड प्रोटोकॉल के तहत ही कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

मार्केट में क्रिसमस का क्रेज

अमीनाबाद, भूतनाथ, आलमबाग, हजरतगंज आदि मार्केट में क्रिसमस की शॉपिंग पूरे जोर-शोर से हो रही है। सर्वाधिक डिमांड सेंटा मास्क और ड्रेस की है। सेंटा का कागज का मास्क 20 रुपए का बिक रहा है, वहीं प्लास्टिक के मास्क की कीमत 50 रुपए से शुरू है। सेंटा ड्रेस की कीमत उसकी साइज के अनुसार निर्धारित है। इसके अलावा कैरल और मैरी क्रिसमस गाता सेंटा क्लाज, क्रिसमस ट्री, सेंटा कैप भी खूब बिक रही है। गिफ्ट के लिए लोग सेंटा क्लाज स्टैच्यू, कैंडिल होल्डर विद ट्री और स्टार शेप होल्डर आदि खरीद रहे हैं।

होटल में क्रिसमस स्पेशल मेन्यू

राजधानी के होटलों में क्रिसमस पर स्पेशल ऑफर दिए जा रहे हैं। ताज महल होटल में फोर पीस इंस्ट्रूमेंटल बैंड के अलावा लाइव कैरल सिंगिंग के साथ पियानो सेशन का स्पेशल डिनर मेन्यू के साथ आप मजा ले सकते हैं। वहीं हयात होटल में स्पेशल क्रिसमस ब्रंच और डिनर बुक करा सकते हैं। यहां बच्चों के लिए सेंटा स्पेशल सरप्राइज के साथ सेल्फी प्वाइंट आकर्षण का केंद्र रहेगा। हिल्टन गार्डन इन में भी क्रिसमस को लेकर स्पेशल मेन्यू बनाया गया है। वहीं अधिकतर मॉल में भी क्रिसमस ट्री सजा दिए गए हैं, जिनके साथ बुधवार को बड़ी संख्या में लोग सेल्फी लेते नजर आए।

बाक्स

हमेशा की तरह केक का है क्रेज

क्रिसमस पर हमेशा केक की काफी डिमांड रहती है। इस बार भी सभी फेमस बेकरी में क्रिसमस को लेकर स्पेशल केक, पुडिंग आदि की बुकिंग शुरू हो चुकी है। इस बार सर्वाधिक डिमांड प्लम केक, डेट केक, रम केक आदि की है। केक की कीमत 250 रुपए से शुरू होकर हजारों रुपए तक है।

बाक्स

डेकोरेशन आइटम के रेट

आइटम रेट

क्रिसमस ट्री 5 रुपए

क्रिसमस बेल 125 रुपए

सेंटा क्लाज ड्रेस 550 रुपए

सेंटा मास्क 20 रुपए

सेंटा कैप 50 रुपए

कैंडिल होल्डर ट्री 150 रुपए

म्यूजिकल सेंटा क्लाज 650 रुपए

नोट- दाम प्रारंभिक कीमत के अनुसार हैं।

बाक्स

आज आधी रात जन्म लेंगे यीशु

आज यानि गुरुवार रात 12 बजे विभिन्न चर्चो में घंटा बजने के साथ यीशु के जन्म का संदेश गूंजेगा। कैथेड्रल चर्च में बिशप जेराल्ड जॉन मथायस मुख्य पूजा करेंगे, जिसमें चर्च के लोग ही शामिल होंगे। शुक्रवार सुबह पवित्र मिस्सा का आयोजन किया जाएगा।

कोट

कोरोना के कारण इस बार हम घर पर ही क्रिसमस सेलिब्रेट करेंगे। बस थोड़ी देर के लिए बच्चों को बाहर घुमाने ले जाएंगे। पिछले साल जैसा सेलिब्रेशन इस बार नहीं होगा। कोरोना खत्म हो जाएगा तो अगले साल दोगुनी खुशी से क्रिसमस सेलिब्रेट करेंगे।

सिमॉन सिंह

घर पर सब लोग मिलकर क्रिसमस ट्री सजाने में लगे हुए हैं। पिछले साल हमने काफी बड़ा सेलिब्रेशन किया था। इस बार कोरोना के चलते वह नहीं हो सकेगा। प्रभु से बस यही प्रार्थना है कि कोरोना का जल्द से जल्द खात्मा हो और जिंदगी फिर पटरी पर आए।

एल्विस थॉम्प्सन

इस बार क्रिसमस पर पहले जैसी रौनक तो नहीं होगी, इसका गम तो है लेकिन कोरोना से बचाव के लिए यह जरूरी भी है। घर पर ही परिवार के साथ क्रिसमस सेलिब्रेट करेंगे और चर्च में होने वाले प्रोग्राम भी ऑनलाइन ही घर पर रहकर देखेंगे।

अनिल डेनियल