लखनऊ (ब्यूरो)। आद्या शक्ति मां भगवती की पूजा व आराधना का महापर्व चैत्र नवरात्र बुधवार से शुरू हो गया। जहां पहले दिन मां का शैलपुत्री के रूप में पूजन किया गया। मां के भक्तों ने शुभ मुहूर्त में घरों और मंदिरों में घट स्थापना की, तो दूसरी ओर मंदिरों में भक्त दर्शनों के लिए कतार में खड़े दिखाई दिए। अधिकतर देवी मंदिरों में मां का भव्य श्रंगार भी किया गया और प्रसाद का वितरण किया गया।

घरों में हुई कलश स्थापना

शुभ मुहूर्त में भक्तों द्वारा कलश स्थापना की गई। महिलाओं ने व्रत रखा और दिनभर भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। जहां देवी गीतों पर महिलाएं जमकर मां की भक्ति में झूम उठीं।

शेर पर सवार हुई मां

नवरात्र के पहले दिन चौपटिया चौक स्थित संदोहन देवी मंदिर में कलश स्थापना के साथ अखंड ज्योत जलाई गई। पहले दिन मां ने शेर पर सवारी कर भक्तों को दर्शन दिए। ठाकुरगंज स्थित मां पूर्वी देवी मंदिर में मां का शैलपुत्री स्वरूप में पूजन हुआ। मां को लाल रंग के वस्त्र और चुनरी से भव्य श्रृंगार किया गया, साथ ही दुर्गा सप्तशती का पाठ किया गया। मां को भोग में केला, अनार, अंगूर व पेड़ा चढ़ाया गया और बाद में भक्तों में वितरित किया गया।

मुंडन संस्कार शुरू हुए

चौक स्थित बड़ी कालीजी मंदिर में मां का भव्य श्रृंगार किया गया। सुबह महाआरती के बाद पट भक्तों के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ मंदिर परिसर में मुंडन संस्कार भी शुरू हो गए। इसके अलावा चौक स्थित छोटी कालीजी मंदिर, घसियारी मंडी स्थित कालीबाड़ी, शास्त्री नगर स्थित दुर्गा माता मंदिर समेत अन्य देवी मंदिरों में मां का फूलों, मेवों आदि से भव्य श्रंगार किया गया। सुबह भव्य श्रृंगार के बाद महाआरती के साथ ही मंदिरों के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए गए।

मौसम ने भी दिया साथ

बदली के कारण मौसम बुधवार को ठंडा बना रहा। वहीं, मां के आलौकिक दर्शन होने के साथ ही भक्तों की सभी थकावट दूर हो गई। इस दौरान भक्तों ने मां से सुख-शांति और परिवार के मंगल की मनोकामना की।

ऐसे करे मां ब्रह्मचारिणी की पूजा

नवरात्र के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी देवी की चित्र के सामने बैठकर सर्वप्रथम शरीर शुद्धि के बाद माता का पूजन करें। इसके बाद जल, पंचामृत आदि से स्नान कराकर, वस्त्र, चंदन, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य लगाकर आरती कर प्रसाद ग्रहण करें और परिजनों को भी दें। मां ब्रह्मचारिणी देवी की निष्ठा पूर्वक पूजन करने से मनुष्य के जीवन में तप, त्याग वैराग्य सदाचार व संयम की प्राप्ति होती है। इस दिन देवी के सामने या मंदिर में जाकर या देवी सर्वभूतेषु मां ब्रह्मचारिणी रूपेण संस्थिता। नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नम का जाप करने से विशेष फल मिलता है।