- आत्महत्या से पहले भाई को किया फोन, बच्चों को सुलाने के बाद लगाई फांसी

- पुलिस मामले की कर रही छानबीन

LUCKNOW : ठाकुरगंज में टाइल्स कारीगर ने पत्‍‌नी की हत्या के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने आत्महत्या से पहले भाई को मामले की जानकारी दी थी। भाई की सूचना पर पुलिस बुधवार सुबह युवक के घर पहुंची, जहां दोनों के शव पड़े थे और बच्चे रो रहे थे। पुलिस के अनुसार मंगलवार देररात दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ था। वह मामले की जांच कर रहे हैं।

भाई को सूचना देकर किया सुसाइड

ठाकुरगंज में बरौरा हुसैनबाड़ी में किराए के मकान में रहने वाले गजेंद्र ने पत्‍‌नी रुबी की हत्या कर फांसी लगा ली। गजेंद्र मूलरूप से आगरा का रहने वाला था। आत्महत्या से पहले उसने भाई को मंगलवार देररात फोन कर आत्महत्या के बारे में बताया था। भाई की सूचना पर पहुंची पुलिस को घर में पति और पत्‍‌नी के शव मिले। एडीसीपी पश्चिम विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि पति पत्‍‌नी में पहले से विवाद चल रहा था। घर में दो बच्चियां भी मौजूद थीं। पूछताछ में पता चला कि मंगलवार रात पति पत्‍‌नी के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसके बाद गजेंद्र ने पत्‍‌नी की गला दबाकर हत्या कर दी। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस के मुताबिक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। दोनों के बीच विवाद का कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है। आगरा से परिजनों के आने के बाद मामला स्पष्ट होगा।

बच्चों ने बताई दुख भरी दास्तां

मृतक दंपति की पांच वर्षीय बेटी प्रिया और तीन वर्षीय बेटी रिया है। मां बाप की मौत पर बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल था। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सहारा दिया। एक पुलिसकर्मी ने बड़ी बेटी को खाना खिलाया तो दूसरी महिला पुलिसकर्मी ने छोटी बेटी को गोद में लेकर चुप कराया। पुलिस पूछताछ में प्रिया ने बताया कि रात में मम्मी पापा के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद पापा ने मम्मी का गला दबा दिया। इसके बाद हम लोगों को खाना खिलाया और साथ में बर्तन धुले। देररात हम सभी को लोरी सुनाकर सुला दिया।