- जुलूस के रूप में समर्थक पहुंचे निगम मुख्यालय, पांच लोगों को ही दिया गया प्रवेश

- दिल्ली से विधायक नरेश यादव एवं विधायक अलका लांबा भी साथ रहीं मौजूद

LUCKNOW:

आम आदमी पार्टी से प्रत्याशी प्रियंका माहेश्वरी ने महापौर पद के लिए पर्चा दाखिल किया है। जानकारी के अनुसार, प्रियंका के फेवर में समर्थकों ने जुलूस निकाला, जो डीएवी इंटर कॉलेज से शुरू होकर लाटूश रोड होते हुए लालबाग नगर निगम मुख्यालय (नामांकन स्थल) पहुंचा। हालांकि यहां नियमों के तहत पुलिस ने नामांकन स्थल से दो सौ मीटर पहले ही जुलूस को रोक दिया। इसके बाद नामांकन स्थल में सिर्फ पांच लोगों को ही प्रवेश करने दिया गया। नामांकन के दौरान प्रत्याशी प्रियंका के साथ आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक नरेश यादव एवं विधायक अलका लांबा भी मौजूद रहीं।

करोड़ों की चल-अचल संपत्ति

महापौर प्रत्याशी प्रियंका माहेश्वरी (34) पोस्ट ग्रेजुएट हैं। उन्होंने वर्ष 2009 में राजा बलवंत सिंह कॉलेज, आगरा से एमबीए भी किया है। जानकारी के अनुसार, उनके पास लगभग 1.89 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति है। चल संपत्ति के रूप में आईडीबीआई बैंक में 6016 रुपए, सिडिकेंट बैंक में 23,814.02 रुपए तथा एसबीआई में पीपीएफ एकाउंट में 8,46,633 रुपए जमा हैं। इसके साथ ही 10 लाख रुपए की एलआईसी, एचडीएफसी लाइफ इंशोरेंस में 12 लाख रुपए प्रतिवर्ष की तीन पॉलिसी भी हैं। उनके पास एक एक्टिवा स्कूटी भी है। उनके पति गौरव माहेश्वरी के पास महिंद्रा एसयूवी, मारूति डिजायर तथा एक एक्टिवा स्कूटी है।

एक पुत्री व एक पुत्र

प्रियंका की एक पुत्री पलाक्षी व एक पुत्र रियांश माहेश्वरी हैं। प्रियंका ने मनोज माहेश्वरी को एक लाख रुपए व पति गौरव माहेश्वरी ने गर्वित माहेश्वरी को 2,50,000 रुपए उधार दिये हैं। इस प्रकार से प्रियंका के पास कुल 31,29,071.02 रुपए तथा पति के पास 1,19,93,125.32 रुपए की चल संपत्ति है। जबकि पुत्री के नाम 2,47,261.71 रुपए की संपत्ति है। परिसंपत्ति के अनुसार प्रियंका के पास कुल 1,53,69,458.05 रुपए की संपत्ति है। प्रियंका ने 7,11,059 रुपए आयकर के रूप में भी जमा किये हैं।