लखनऊ (ब्यूरो)। सिविल अस्पताल में रोज तीन हजार से अधिक मरीज दिखाने के लिए आते हैं। 600 से ज्यादा मरीजों को रोज खून की जांच लिखी जा रही है। हालांकि जांच कराने के लिए यहां लोगों को काफी दिक्कतें होती हैं। ब्लड सैंपल ग्राउंड फ्लोर स्थित कमरा न। 32 में दोपहर 12 बजे से पहले तक ही लिया जाता है। यही नहीं कई बार कलेक्शन रूम 11:30 बजे ही बंद हो जाता है। ऐसे में अक्सर सैंपल देने वालों से वहां मौजूद स्टाफ की कहासुनी हो जाती है। इससे परेशान बहुत से मरीज तो प्राइवेट लैब में जाकर जांच करते हैंै, या फिर घर वापस चले जाते हैं।
बढ़ाएंगे सैंपल कलेक्शन टाइम
इस मामले पर सीएमएस डॉ। आरपी सिंह का कहना है कि अस्पताल में काउंटर 12 बजे तक ही खुलने का नियम पहले से चल रहा है। हालांकि मरीजों की समस्या को दूर करने के लिए जल्द न केवल सैंपल कलेक्शन टाइम बढ़ाया जाएगा, बल्कि कलेक्शन सेंटर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।