- केजीएमयू के सभी रैन बसेरा में मैट के साथ बिछाये गये गद्दे

- डीएम ने भी मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

LUCKNOW: सीएम योगी आदित्यनाथ के गुरुवार रात केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर के रैन बसेरों के औचक निरीक्षण के दौरान उनमें ठहरे तीमारदारों को कंबल देने और सीएम के वापस लौटने के कुछ देर बाद ही कंबल वापस लेने की अमानवीय घटना की दैनिक जागरण आईनेक्स्ट में प्रमुखता से खबर छपने के बाद सरकारी अमले में हड़कंप मच गया। मामले की भनक लगने पर भड़के सीएम योगी ने सख्त कार्रवाई के आदेश दिये। इसके बाद चौक कोतवाली में तीमारदारों से कंबल वापस लेने वाले अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ न सिर्फ एफआईआर दर्ज कर ली गई बल्कि, जिला प्रशासन व केजीएमयू के अधिकारी रैन बसेरों में सुबह से ही सभी व्यवस्था को चाक-चौबंद करने में जुट गए। उधर, कंबल वापस लेने से रात भर ठिठुरे तीमारदारों ने फिर से कंबल व गद्दे मिलने पर खुशी जताई और सीएम व दैनिक जागरण आई नेक्स्ट को शुक्रिया कहा।

खबर छपने के बाद लिया संज्ञान

सीएम योगी आदित्यनाथ 26 दिसंबर की रात अचानक केजीएमयू पहुंचकर वहां बने रैन बसेरों की स्थिति देखने पहुंचे थे। अव्यवस्था को देखकर उन्होंने वीसी प्रो। एमएलबी भट्ट को कड़ी फटकार लगाते हुये तत्काल व्यवस्था दुरुस्त करने का आदेश दिया था। सीएम का आदेश होते ही तीमारदारों को आनन-फानन कंबल मुहैया कराए गए। पर, सीएम के जाते ही हैरतअंगेज ढंग से तीमारदारों से कंबल वापस ले लिये गए। लिहाजा, तीमारदार गुरुवार की रात भर ठिठुरते रहे। दैनिक जागरण आईनेक्स्ट ने इस अव्यवस्था पर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की। इसके बाद शनिवार सुबह प्रशासन के तमाम अधिकारी आनन फानन व्यवस्थाओं को दुरूस्त कराने पहुंचे थे।

डीएम ने भी लिया जायजा

सुबह डीएम अभिषेक प्रकाश सभी व्यवस्था को देखने के लिए पहुंचे। इसके साथ केजीएमयू प्रशासन ने ट्रॉमा सेंटर स्थित रैन बसेरे में मैट बिछाने का काम शुरू किया। वहीं गद्दे बिछाने के साथ तीमारदारों को कंबल भी बांटे गये। कई लोगों को गद्दे व कंबल नहीं मिलने पर मांगा तो बताया गया कि सभी को कंबल दिया जायेगा। इसके साथ रैन बसेरों के आसपास साफ-सफाई भी शुरू हो गई। इसके बाद वहां ठहरे तीमारदार बेहद खुश नजर आये।

एक की हुई थी मौत

शुक्रवार को ही गांधी वार्ड के सामने बने रैन बसेरे में एक शख्स की ठंड लगने से मौत हो गई थी। इसके बाद अगले ही दिन वहां भी साफ-सफाई करवाने के साथ अन्य व्यवस्थाओं में सुधार किया जाने लगा। सभी रैन बसेरों के अंदर की लंबाई और चौड़ाई नापी जाने लगी। ताकि उसी अनुसार मैट मंगवाया जाये। केजीएमयू प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन के अधिकारी इस दौरान मौजूद रहकर व्यवस्था को सुधारने के काम में लगे रहे।

कोट

1. आज सुबह ही गद्दे और कंबल दिये गये है। अब ठंड से बचाव हो सकेगा। यह व्यवस्था कराने के लिए सीएम को शुक्रिया।

- राजेश, संत कबीर नगर

2. आज सुबह अचानक से साफ-सफाई के साथ सभी को गद्दे और कंबल दिये गये है। ऐसी ठंड में रात भर ठिठुरते हुये कट रही थी। अब उससे राहत मिलेगी।

- सीमा गुप्ता, नैमिषारण्य

3. डीजे आईनेक्स्ट का शुक्रिया जो उसने हमारी समस्याओं को उजागर किया। अब सभी व्यवस्था सही हो गई है। सीएम का भी धन्यवाद।

- प्रमोद, शाहजहांपुर

4. सुबह सफाई के साथ लाइट भी लगाई गई। कंबल और गद्दे भी दिये गये। अब यहां व्यवस्था बेहद अच्छी हो गई है।

- विजय नारायण तिवारी, गोंडा

5. सुबह से ही अधिकारी लोग यहां की व्यवस्था को सही करने में लगे हुये है। देखकर अच्छा लगा कि सरकार हमारी सुध ले रही है।

- दिनेश, हरौनी

कोट

सभी रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है। पीआरओ को स्थिति पर नजर रखने के लिए कहा गया है। कोई भी समस्या होने पर सीएमएस ऑफिस से संपर्क किया जा सकता है।

डॉ। एसएन शंखवार, सीएमएस, केजीएमयू