लखनऊ (ब्यूरो)। एक मनचले युवक के हौसले इस कदर बुलंद निकले कि वह एक नहीं बल्कि दो लड़कियों से पिछले कई दिनों से सरेराह छेड़छाड़ कर रहा था। एंटी रोमियो स्क्वायड की नजर भी उस पर नहीं पड़ी। हालांकि, हजरतगंज पुलिस ने पीडि़त युवतियों की मदद से अब आरोपी को पकड़ कर जेल भेज दिया है।

11 दिनों से परेशान कर रहा था रियाज

हजरतगंज स्थित एक नामचीन ज्वैलरी शॉप में काम करने वाली अंकिता (काल्पनिक नाम) को पिछले 11 दिनों से मो। रियाज नामक युवक परेशान कर रहा था। पीडि़ता के मुताबिक, रियाज रोजना उसे शॉप आते-जाते छेड़ता था। कई बार विरोध करने पर उसे धमकी भी देता था। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने कई बार उसे लेटर देने की भी कोशिश की थी। उसने हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

खुद को आर्मी मैन बताता था

एक अन्य पीड़िता कल्पना (काल्पनिक नाम) ने हजरतगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया कि वह हजरतगंज में एक स्टोर में सेल्स ऑफीसर के तौर पर काम करती है। रोजाना रात को 8 से 9 के बीच जब वह घर जाने को निकलती थी, तब रियाज उसका पीछा करता था। वह खुद को आर्मी मैन बताते हुए उसे धमकी भी देता था। पीड़िता ने बताया कि पिछले 7 दिनों से आते-जाते मनचला रियाज उससे छेड़छाड़ करता था।

गिरफ्तार कर जेल भेजा गया मनचला

हजरतगंज इंस्पेक्टर श्यामबाबू शुक्ला ने बताया कि दोनों पीड़ितों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी खुद को आर्मी मैन, डॉक्टर व बिजनेस मैन बात कर अलग-अलग लड़कियों से छेडख़ानी करता था। पीड़ितों की निशानदेही पर आज उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

महिला मरीज ने लगाया अभद्रता का आरोप

लोकबंधु अस्पताल के गाएनी विभाग में दिखाने आई महिला मरीज ने अभद्रता का आरोप लगाया है। मानसरोवर योजना निवासी अविनाश पाल का आरोप है कि वो सोमवार को अपनी पत्नी को दिखाने पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने उनके साथ अभद्रता की और इलाज से मना कर दिया। मामले को लेकर एमएस के पास लिखित में शिकायत की गई है। वहीं एमएस डॉ। अजय शंकर त्रिपाठी ने बताया कि मरीज को शिकायत मिलते ही निदेशक से मिलवा दिया गया था। उनके साथ अभद्र्र व्यवहार किसने किया वो यह नहीं बता सके। उन्हें दोबारा पड़ताल के लिए बुलाया गया है।