लखनऊ (ब्यूरो)। अधर्म पर धर्म की और असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी मंगलवार को धूमधाम से राजधानी में मनाया जाएगा। रावण दहन के साथ शानदार आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। रावण दहन को लेकर विभिन्न रामलीला समितियों द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

8 बजे होगा रावण दहन

ऐशबाग रामलीला समिति के सचिव पं। आदित्य तिवारी ने बताया कि इस बार भी केवल रावण का ही पुतला जलाया जाएगा। मेघनाथ और कुंभकर्ण का पुतला नहीं जलाया जाएगा। रावण का पुतला करीब 80 फीट ऊंचा तैयार किया गया है। आतिशबाजी का भी कार्यक्रम होगा। 'सनातन धर्म के विरोध का दमन हो' थीम पर रात 8 बजे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रामलीला का मंचन शाम 6 बजे से शुरू हो जाएगा। आज की रामलीला में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलावा चीफ सेक्रेट्री दुर्गा शंकर मिश्रा समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।

45 फीट का रावण

महानगर रामलीला समिति के हरीश गोपाल ने बताया कि दशहरा के अवसर पर रात 8 बजे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इस बार 45 फीट का रावण और 40 फीट का मेघनाथ का पुतला तैयार कराया गया है। थीम 'सबको सद्बुद्धि और कुबुद्धि का नाश' पर रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। रामलीला में मुख्य अतिथि के रूप में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मौजूद रहेंगे। वहीं, कानपुर रोड स्थित सेक्टर एच रामलीला समिति के अध्यक्ष गोपाल जी मिश्रा के मुताबिक 45 फीट का रावण और 40 फीट ऊंचा मेघनाथ का पुतला बनाया गया है। कानपुर रोड स्थित एलडीए कॉलोनी के जय जगत पार्क में विजय शोभायात्रा के बाद रावण व कुंभकरण के पुतले का दहन किया जाएगा।

राम-रावण युद्ध का होगा मंचन

डालीगंज के मौसमगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष घनश्याम तिवारी ने बताया कि शाम सात बजे से राम-रावण युद्ध लीला का मंचन मंगलवार को किया जाएगा। इसके बाद रावण दहन कार्यक्रम होगा। इसके अलावा एचएएल, चिनहट, अलीगंज आदि में भी रावण दहन का आयोजन किया जाएगा।