- लखनऊ एक और कानपुर की तीन विधानसभा सीटों पर दोनों पार्टी के उम्मीदवार मैदान में

LUCKNOW : विधानसभा चुनाव में गठबंधन में चुनाव लड़ रहे समाजवादी व कांग्रेस पार्टी के गठबंधन को कई विधानसभा चुनाव में अपने ही गठबंधन के खिलाफ लड़ना होगा। तीसरे चरण के नामाकंन वापस होने के अंतिम दिन बीतने के बाद चार विधानसभा सीटों पर दोनों पार्टियों के उम्मीदवारों ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। जहां राजधानी लखनऊ में मध्य विधानसभा सीट पर मुकाबला रोमांचक दौर में पहुंच गया है। यहां पर सपा और कांग्रेस गठबंधन की दोनों ही पार्टियों से प्रत्याशी मैदान में हैं। सपा के रविदास मेहरोत्रा और कांग्रेस के मारूफ खान में से किसी ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। अब इस सीट पर भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। हालांकि इस सीट से भाजपा के लिए थोड़ी राहत भरी रही है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन बीजेपी से बागी कैंडीडेट मनीष गुप्ता ने अपना नामांकन पत्र वापस ले लिया।

कानपुर की तीन सीटों पर गठबंधन आमने-सामने

वहीं दूसरी ओर कानपुर की तीन विधानसभा सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवार आमने सामने है। महराजपुर विधानसभा से सपा प्रत्याशी अरुणा तोमर हैं, तो कांग्रेस से प्रदेश उपाध्यक्ष राजाराम पाल भी मैदान में है। अंतिम दिन सपा के उम्मीदवार से नामांकन वापस लेने की बात चल रही थी। टिकट कटने की सूचना पर सपा प्रत्याशी अरुणा तोमर की हालत बिगड़ने पर उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था। हालांकि सपा प्रदेश इकाई ने उन्हें अधिकृत प्रत्याशी मना है। वहीं राजाराम पाल को भी कांग्रेस को सिम्बल प्राप्त हुआ है। अब इस सीट पर भाजपा के सतीश महाना, बसपा के मनोज शुक्ला भी मैदान में है। वहीं जिले के आर्य नगर विधानसभा सीट से सपा के अमिताभ वाजपेयी और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जयसवाल के भाई प्रमोद जयसवाल मैदान में है। दोनों प्रत्याशी ने अपना नामाकंन वापस नहीं लिया। वहीं कानपुर की कैंट विधानसभा से भी गठबंधन के दोनों उम्मीदवार मैदान में है। सपा से मोहम्मद हसन रुमी है कांग्रेस के सोहेल अंसारी मैदान में है। अंतिम दिन सपा प्रदेश इकाई ने रूमी को फोन पर नामाकंन वापस लेने को कहा तो उन्होंने अजमेर में होने की बात कहकर फोन काट दिया। देर शाम में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कानपुर के इन तीनों विधानसभा सीटों पर सपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के प्रत्याशियों को सिंबल प्रदान कर दिया। वहीं बहराइच के प्रयागपुर विधानसभा से सपा के प्रत्याशी मुकेश श्रीवास्तव ने भी चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। उन्होंने खुद को सपा का प्रत्याशी बताते हुए चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।