लखनऊ (ब्यूरो)। रायबरेली सरेनी निवासी उमा देवी ने बेटी निधि दुबे की शादी आठ वर्ष पूर्व रायबरेली लालगंज निवासी बाल किशोर दुबे के साथ की थी। तीन साल पूर्व बाल किशोर लखनऊ आ कर प्राइवेट नौकरी करने लगा था। वह दुबग्गा के दौलतखेड़ा में परिवार के साथ रहता था।

बेटी की तबियत खराब है

उमा देवी के मुताबिक शुक्रवार रात उन्हें दामाद बाल किशोर ने फोन कर निधि की तबीयत बिगड़ने की जानकारी दी थी। घर पहुंचने पर उन्हें बेटी का शव चारपाई पर पड़ा मिला। उमा के मुताबिक निधि के गले पर रस्सी या तार से कसे जाने का निशान थे। मूंह से खून भी निकल रहा था। बाल किशोर से पूछताछ करने पर सही जवाब नहीं दे रहा था। बाल किशोर ने सास को बताया कि ड्यूटी से लौटने पर निधि बेसुध मिली थी।

दहेज के लिए करता था प्रताड़ित

पति बाल किशोर के मुताबिक वह शुक्रवार रात ड्यूटी से घर लौटा था। कमरे में पहुंचने पर उसे निधि का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटकता मिला था। दामाद के इस बयान पर उमा देवी को भरोसा नहीं है। उन्होंने बताया कि निधि को मायके से दहेज लाने के लिए प्रताड़ित किया जाता था। बाल किशोर के साथ उसका भाई बबलू दुबे, गुड्डू दुबे, पप्पू, बहन सीमा, बबली और भाभी रिम्पी मारपीट करते थे। इंस्पेक्टर दुबग्गा अनिल प्रकाश सिंह के अनुसार उमा देवी की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। जिसमें बाल किशोर के साथ उसके भाई, बहन और भाभी को आरोपी बनाया गया है। संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ की जा रही है।